14 विधाओं में आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर के 800 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के युवाओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन अम्बिकापुर के शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय अम्बिकापुर के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को निखारने का एक माध्यम है। विभिन्न प्रकार की खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता युवाओं को आगे बढ़ने का मौका प्रदान कर रहे हैं, ऐसे आयोजनों में हिस्सा लेने मात्र से ही आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री रामकुमार सिंह ने युवा उत्सव के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। आयोजन में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, पार्षद श्री आलोक दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी सहित प्रतिभागी उपस्थित रहे।
14 विधाओं में 800 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा : प्रतियोगिता में लोक नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, करमा नृत्य, लोक गीत, वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार, एकांकी नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड विधाओं को शामिल किया गया।जिसमें जिलेभर के 800 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मनित किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur