Breaking News

सूरजपुर@ गुड़ की महक से आकर्षित हाथी ने तोड़ी झोपड़ी,40 दिन के बच्चे की दर्दनाक मौत..

Share


सूरजपुर,08 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)।
सूरजपुर वन परिक्षेत्र के धरमपुर चिकनी गांव में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई,जहां गुड़ फैक्ट्री के पास झोपड़ी में सो रहे एक प्रवासी मजदूर परिवार पर हाथी ने हमला कर दिया…इस हमले में 40 दिन के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां घायल हो गई…दंपत्ति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर के रहने वाले हैं और स्थानीय गुड़ फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते थे.. जानकारी के अनुसार,देर रात करीब 1 बजे सोनगरा जंगल की ओर से एक अकेला हाथी दल से भटककर धरमपुर क्षेत्र में आ पहुंचा…बताया जा रहा है कि हाथी गुड़ फैक्ट्री से उठने वाली गंध से आकर्षित होकर फैक्ट्री परिसर तक जा पहुंचा…ठीक पास में मजदूर ज्ञानी अपनी पत्नी और नवजात बच्चे के साथ अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहा था..अचानक हाथी ने झोपड़ी को तोड़ना शुरू कर दिया,जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई…जान बचाने के लिए माता-पिता किसी तरह झोपड़ी से बाहर भागे,लेकिन इस दौरान महिला गिरकर घायल हो गई.. दुर्भाग्यवश 40 दिन का मासूम बच्चा हाथी के हमले में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई..घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया…विभाग का कहना है कि क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को लेकर पहले ही मुनादी करवा दी गई थी और इसकी जानकारी गुड़ फैक्ट्री प्रबंधन, मैनीजर पैकरा को भी थी…इसके बावजूद मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया, जिससे यह दुखद हादसा हुआ…वन अधिकारियों ने तत्काल राहत के रूप में पीडि़त परिवार को 25,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही बढ़ती जा रही है, जिसके लिए वन विभाग को और गंभीर कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। यह हादसा एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती समस्या की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मजदूर परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया जाता,तो शायद यह घटना टल सकती थी.. फिलहाल घायल महिला का इलाज जारी है और वन विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply