संवाददाता-
सुरजपुर,26 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
जिला अस्पताल की बदहाली और अव्यवस्थाओं की लगातार मिल रही शिकायतों ने आखिरकार जिला प्रशासन को सख्त मोड में ला दिया। इन्हीं शिकायतों के बाद कलेक्टर एस. जयवर्धन बीती रात अचानक जिला अस्पताल पहुंचे और करीब एक घंटे तक वार्ड-दर-वार्ड घूमकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचते ही किसी भी प्रकार की पूर्व सूचना दिए बिना स्टाफ से लेकर मरीजों तक से सीधे बातचीत शुरू की और उनसे उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों और उपचार की वास्तविक स्थिति जानी।
मरीजों से सीधा संवाद—‘किसी को दवा या इलाज में दिक्कत तो नहीं?
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भर्ती मरीजों के पलंग तक पहुंचकर उनसे पूछा—
‘डॉक्टर समय पर आते हैं? दवाइयां मिल रही हैं? कोई परेशानी तो नहीं?
अधिकांश मरीजों ने व्यवस्थाओं पर अपनी-अपनी शिकायतें और अनुभव सामने रखे, जिन्हें कलेक्टर ने गंभीरता से सुनते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में वार्डों की साफ-सफाई, दवा वितरण प्रणाली, नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।
एसडीएम को दिए सख्त निर्देश-‘हर व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग हो’
मौके पर मौजूद एसडीएम शिवानी जायसवाल को कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं की रेग्युलर मॉनिटरिंग की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों को हल्के में लेने का समय अब खत्म हो चुका है और व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद कार्यालय में एसआईआर डिजिटाइजेशन का भी निरीक्षण अस्पताल निरीक्षण के बाद कलेक्टर जयवर्धन ने जनपद कार्यालय सूरजपुर पहुंचकर एसआईआर के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए, क्योंकि यह जमीन स्तर तक कामकाज में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur