Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा रेंज में डिजिटल क्यूआर स्कैनर कोड से मिल रहा सकारात्मक फीडबैक,त्वरित हो रही कार्रवाई

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।

आईजी दीपक कुमार झा द्वारा आम नागरिकों की सुविधा और पुलिस कार्यों की पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से 08 अक्टूबर 2025 को डिजिटल क्यूआर स्कैनर कोड की सुविधा रेंज के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों व सार्वजनिक स्थानों पर शुरू की गई थी। वर्तमान में सरगुजा में 36, सूरजपुर 45, बलरामपुर 46, जशपुर 45, कोरिया 21 एवं एमसीबी में 32 स्थानों सहित कुल 225 प्वाइंट्स पर यह कोड चस्पा किया जा चुका है,जिसके माध्यम से नागरिक सीधे पुलिस से अपनी समस्या और फीडबैक साझा कर रहे हैं। माहवार समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि रेंज स्तर पर अब तक 54 नागरिकों ने क्यूआर कोड के माध्यम से सुझाव व समस्याएँ दर्ज कराईं। फीडबैक में 48 लोगों ने विभिन्न थाना/चौकी में पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार को ‘अच्छा’ बताया। वहीं 50 नागरिकों ने थाना/चौकियों की साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषप्रद बताया। आईजी सरगुजा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्यूआर कोड से प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए और शिकायतकर्ताओं की समस्या का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। क्यूआर कोड के माध्यम से कई मामलों पर तत्काल कार्रवाई भी की गई। सूरजपुर जिले के थाना भटगांव में एक आवेदक द्वारा सीज ट्रैक्टर मामले में जानकारी व लंबित कार्यवाही की शिकायत पर तत्काल निर्देश दिए गए। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के साथ समझौता कराने का अनुरोध किया, जिस पर कार्यालय द्वारा दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएँ प्रारंभ कराई गईं। सरगुजा जिले में गांधीनगर थाना क्षेत्र के नावापारा में अवैध शराब बिक्री तथा कोतवाली क्षेत्र के मंगल पांडेय वार्ड में ऑटो चालकों द्वारा शराब सेवन की शिकायतों पर भी संबंधित थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर में एक महिला को लगातार फ्रॉड कॉल आने की शिकायत पर साइबर सेल ने त्वरित हस्तक्षेप कर उसे साइबर ठगी से बचाया,जिसके लिए महिला ने क्यूआर पोर्टल पर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। एमसीबी जिले में एक महिला के मोबाइल गुम होने की शिकायत पर साइबर सेल के प्रधान आरक्षक पुष्कल कुमार सिन्हा ने तकनीकी दक्षता का प्रयोग कर मोबाइल कुछ ही घंटों में तलाश कर वापस सौंपा। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 500 रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। आईजी झा ने कहा कि आगे भी बेहतर फीडबैक व सक्रियता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। तेजी से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और त्वरित समाधान को देखते हुए सभी जिलों के व्यस्त स्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर भी क्यूआर स्कैनर कोड लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply