-संवाददाता-
अंबिकापुर,20 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
शराब के नशे में पत्नी पर टांगी से हमला करके भागा पति संदेहास्पद स्थिति में अपने ही घर में घायल अवस्था में मिला, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के स्वजन गिरने से चोटिल होने की संभावना जता रहे हैं। मृतक की पत्नी का घायल अवस्था में निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम चूहाकोना निवासी करम साय पिता मंगरा राम 40 वर्ष, शराब पीने का आदी था। 13 नवम्बर को वह शराब के नशे में अपनी लिदुर के साथ मारपीट कर रहा था। इस दौरान आवेश में आकर वह पत्नी के दाहिने पैर में टांगी से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी और खून बह रहा था। पत्नी के पैर में आए जख्म को देखकर वह मौके से भाग गया। घायल लिदुर को स्वजन शंकरगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर निजी वाहन से होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां उसका उपचार चल रहा है। इधर जख्मी महिला के स्वजन का कहना है कि जब वे घर गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलकर वे अंदर गए तो करम साय घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। करम साय को शंकरगढ़ अस्पताल से इलाज कराने के बाद रेफर करने पर 18 नवम्बर को वे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान 19 नवम्बर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur