Breaking News

अम्बिकापुर@राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अंबिकापुर दौरा…जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में…

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 नवम्बर 2025 (घटती-घटना)। 20 नवम्बर को अंबिकापुर में आयोजित जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा किया जाएगा। यह अवसर सरगुजा संभाग के लिए ऐतिहासिक है,क्योंकि 37 वर्षों बाद यह पहला मौका है जब कोई राष्ट्रपति इस क्षेत्र में आ रहे हैं। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू का आगमन विशेष महत्व रखता है,जो इस क्षेत्र की जनजातीय संस्कृति और गौरव को मान्यता देने वाला प्रतीक बन गया है। इस कार्यक्रम के आयोजन स्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड में लगभग 50,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे इस कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पूरे सरगुजा संभाग में इस ऐतिहासिक मौके को लेकर विशेष उत्साह और जोश है। लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेताब हैं और उनके मन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर विशेष आस्था है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। रविवार की शाम को आदिम जाति विकास, कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यक्रम स्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण किया। इससे पहले, वित्त और सरगुजा प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने भी स्थल निरीक्षण किया और कार्यक्रम के आयोजन में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री नेताम ने विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था,पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन
राष्ट्रपति के आगमन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांधी स्टेडियम में तीन हेलीपैड बनाए गए हैं,जहां से राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी। सुरक्षा के लिहाज से पिछले तीन से चार दिनों से स्टेडियम में आम नागरिकों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। शहर भर में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं, और एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की टीम मंगलवार को अंबिकापुर पहुंचेगी, ताकि वह पूरी सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारी का जायजा ले सकें।कार्यक्रम के केवल तीन दिन शेष रह जाने के बाद,प्रशासन ने अंतिम तैयारियों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विशेष रूप से राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल से लेकर गांधी स्टेडियम तक पहुंचने वाले मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है। मंगलवार को एसपीजी टीम अंबिकापुर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की समीक्षा करेगी। इस महत्वपूर्ण दिन को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं ताकि यह कार्यक्रम सफल और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
यातायात डायवर्सन एडवाइजरी
कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित करने और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा ट्रैफिक डायवर्सन एडवाइजरी जारी की गई है। 20 नवम्बर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। आकाशवाणी चौक से पॉलिटेक्निक कॉलेज गेट नं-1 (रिंग रोड) और घड़ी चौक से किसान राइस मील मोड़ (मेन रोड) तक यातायात पूर्णतः बंद रहेगा। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। मनेन्द्रगढ़ रोड और बनारस रोड से आने वाली बसें और फोर व्हीलर को साई मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग,रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड, गंगापुर मोड़ होते हुए अपने गंतव्य पर भेजा जाएगा। बलरामपुर रोड और प्रतापपुर रोड से आने वाली बसें और फोर व्हीलर रिंग रोड होते हुए प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चाँदनी चौक, भारतमाता चौक,बस स्टैंड से अपने गंतव्य पर जाएंगी। रायगढ़ और बिलासपुर रोड से आने वाली बसें और फोर व्हीलर रिंग रोड होते हुए भारतमाता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, गंगापुर मोड़ होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी। भारी वाहनों को सुबह 5 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आपातकालीन सेवा वाहन को विशेष अनुमति प्राप्त होगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भू-राजस्व संहिता संशोधन को लेकर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Share मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- 28 अप्रैल 2026 से पहले के …

Leave a Reply