अब जशपुर में पत्नी ने की पति की हत्या,पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा
-संवाददाता-
जशपुर,10 नवंबर 2025 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी और हत्या के बाद उसकी लाश को सूटकेस में बंद कर फरार हो गई। यह मामला ठीक उसी तरह के सनसनीखेज सूटकेस हत्याकांड की याद दिलाता है, जिसने कुछ समय पहले राजधानी रायपुर में पूरे प्रदेश को हिला दिया था।
रायपुर के सूटकेस हत्याकांड की यादें ताजा
गौरतलब है कि रायपुर में किशोर पैकरा हत्याकांड ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर दिया था। उस मामले में आरोपी अंकित ने किशोर की हत्या इसलिए की थी क्योंकि उसने किशोर के करीब 30 लाख रुपये हड़प लिए थे,जो उसे प्रॉपर्टी बेचने के बाद मिले थे। जब किशोर बार-बार अपने पैसे मांगने लगा, तो अंकित ने उसे मौत के घाट उतारकर लाश को सूटकेस में छिपा दिया था। अब कुछ वैसा ही मामला जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यहां एक महिला ने अपने पति की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने लाश को सूटकेस में बंद किया और फरार हो गई। पुलिस को जब इस वारदात की खबर लगी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को मिली बड़ी सुराग
जशपुर पुलिस ने जैसे ही जांच शुरू की,तो पता चला कि आरोपी महिला ट्रेन से फरार हो गई है। तुरंत ही मामले की जानकारी रायपुर जीआरपी को दी गई। रायपुर जीआरपी एसपी ने टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी महिला की लोकेशन ट्रैक की और पता लगाया कि वह ट्रेन से महाराष्ट्र के नासिक की ओर जा रही है। तुरंत ही इसकी सूचना नासिक आरपीएफ को भेजी गई। आरपीएफ टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मनमाड़ रेलवे स्टेशन पर महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
लाश को जशपुर में ही छोड़ा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद महिला लाश को सूटकेस में रखकर जशपुर में ही छोड़ गई थी। वह मौके से फरार होकर ट्रेन में सवार हो गई थी ताकि महाराष्ट्र भाग सके। लेकिन पुलिस की तत्परता से वह ज्यादा दूर नहीं जा सकी। फिलहाल आरोपी महिला को जशपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं- जैसे हत्या की असली वजह, महिला की योजना, और क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था या नहीं। जशपुर एसपी ने बताया है कि मामले को लेकर जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur