-संवाददाता-
एमसीबी/चिरमिरी, 09 नवंबर 2025
(घटती-घटना)।
बलरामपुर-रामानुजगंज विधानसभा के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह द्वारा हाल ही में कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गए आरोपों को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कई स्थानों पर कांग्रेस नेताओं द्वारा स्थानीय पुलिस में शिकायतें देकर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।
ज्ञात हो कि बृहस्पति सिंह को पिछला विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी द्वारा निष्कासित किया जा चुका है। इसके बाद से वे लगातार तीखे बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं, विधायक रहते हुए भी उन्होंने उस समय के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि उन आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई थी। इस बार उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर की एक वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सह प्रभारी पर जिलाध्यक्ष बनाने के नाम पर पैसे की मांग किए जाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आरोप झूठा और बेबुनियाद है।
विनय उपाध्याय ने कहा…
चिरमिरी के कांग्रेस नेता विनय उपाध्याय ने बृहस्पति सिंह के बयान को केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास बताया है, उन्होंने कहा यह बयान पूरी तरह पागलपन और मानसिक दिवालियेपन का परिणाम है। कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम पूरी पारदर्शिता और प्रक्रिया के साथ चल रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार का आरोप केवल भ्रम और असंतोष फैलाने की कोशिश है। टी.एस. सिंहदेव के संबंध में उन्होंने कहा टी.एस. सिंहदेव सौम्य,सरल,सुलझे हुए और संकल्पबद्ध नेतृत्व वाले नेता हैं, वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही थे, हैं और आगे भी रहेंगे,प्रदेश सह प्रभारी पर लगाए गए आरोपों को भी उन्होंने पूर्णतः असत्य और दुर्भावनापूर्ण बताया। वर्तमान में इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस संगठन की ओर से आधिकारिक रूप से समीक्षा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पर विचार किए जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur