सह-प्रभारी पर लगाए आरोप निरर्थक, कांग्रेस ने मांगी कानूनी कार्रवाई
-संवाददाता-
कुसमी,09 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शंकरगढ़ के अध्यक्ष विजय पैकरा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने थाना कुसमी में आवेदन देकर राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश की सह-प्रभारी श्रीमती जरिता लैतफ़लांग पर लगाए गए, छह लाख रुपये मांगने के आरोप को पूरी तरह निराधार बताया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व विधायक एवं कांग्रेस से निष्कासित बृहस्पति सिंह ने जिला अध्यक्ष बनाए जाने के एवज में पांच से छह लाख रुपये की मांग का आरोप लगाया था,जो तथ्यहीन और भ्रामक है। इस संबंध में जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह देव ने प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बृहस्पति सिंह लगातार वरिष्ठ नेताओं और संगठन की छवि धूमिल करने वाले बयान दे रहे हैं। इससे पहले भी वे प्रभारी शैलजा जी सहित कई शीर्ष नेताओं पर मनगढ़ंत आरोप लगा चुके हैं। ऐसे लोगों के बयानों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वे व्यक्तिगत लाभ और भ्रम फैलाने की राजनीति करते हैं। वरिष्ठ आदिवासी नेता राजेंद्र भगत ने भी बृहस्पति सिंह की बयानबाजी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनके हालिया बयान लोकतांत्रिक मर्यादा से परे हैं। वे कभी महाराज टी.एस. सिंहदेव की प्रशंसा करते हैं और कुछ क्षण बाद ही उलटे आरोप लगाने लगते हैं। यह उनके अस्थिर और भटके हुए राजनीतिक रुख का संकेत है। उन्होंने कहा कि ‘सामंत’ जैसे शब्दों का गलत प्रयोग यह दर्शाता है कि उन्हें अपनी ही टिप्पणी का अर्थ समझ नहीं आता। जिन पर वे टिप्पणी कर रहे हैं। सरगुजा रियासत टी.एस. सिंहदेव राजा नहीं बल्कि जनता के सेवक है, सरगुजा की पहचान जनता के सेवक हैं, आरोप स्पष्ट रूप से भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हैं, जिन्हें कांग्रेस पूरी तरह खारिज करती है। कांग्रेसी पदाधिकारियों ने पुलिस थाना कुसमी में ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं बृहस्पति सिंह पर लगाए गए झूठे आरोपों के लिए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय पैकरा, जिलाध्यक्ष के.पी. सिंह देव, नगर पंचायत कुसमी अध्यक्ष राजेंद्र भगत, चांदों ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुला, कांग्रेस नेता अरुण गुप्ता, युवा मजबूत नेता मुद्दसिर इराकी, सहित संगठन के कई पदाधिकारी शामिल है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur