सामूहिक गायन के माध्यम से सरगुजा में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
आज अंबिकापुर स्थित पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम भवन में भाजपा सरगुजा द्वारा ‘वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक राजकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा टोप्पो एवं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रभक्ति, मातृभूमि के प्रति समर्पण और एकता का प्रतीक है। जब पूरा समाज एक स्वर में इस गीत को गाता है, तब भारत की आत्मा बोल उठती है। आज का यह आयोजन सरगुजा की राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव का उत्कृष्ट उदाहरण है। ‘
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्रवाद, संस्कृति और समाज की एकता के भाव को सर्वोपरि मानती है। वंदे मातरम् हमारे आत्मसम्मान का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में देशप्रेम की ज्वाला जगाई थी। आज पुनः उसी भावना को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य भाजपा के कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से कर रहे हैं। ‘ उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और प्रबल बनाते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों,विद्यार्थियों एवं नागरिकों से ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया था। उनके इस प्रेरक आह्वान पर सैकड़ों नागरिकों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गाया, जिससे पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम और एकता के भाव से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति संजय सुरीला टीम द्वारा दी गई। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से ऑडिटोरियम गूंज उठा। वंदे मातरम् गीत गायन में हिमांगी त्रिपाठी ग्रुप सहित उपस्थित सभी जनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजेश अग्रवाल ने ‘आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी संकल्प पत्र’ का वाचन किया तथा उपस्थित जनों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह, कमलभान सिंह, अम्बिकेश केशरी, हरपाल सिंह भामरा, हरमिंदर सिंह टिन्नी, अरुणा सिंह, देवनारायण यादव, करताराम गुप्ता, अनिल अग्रवाल, मधुसूदन शुक्ला, विकास पांडेय, मधु चौदाहा, फुलेश्वरी सिंह, निलेश सिंह, संतोष दास, रूपेश दुबे, कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी, मनोज गुप्ता सहित पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur