Breaking News

अम्बिकापुर@मोबाइल दुकान में सेंधमारी,25 लाख रुपए के महंगे फोन चोरी

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।

गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल नामक दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर 25 लाख रुपए मूल्य के महंगे स्मार्टफोन्स चोरी कर लिए। यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। चोरी गए मोबाइल में प्रमुख रूप से आईफोन सहित कई अन्य ब्रांड्स जैसे एप्पल, वीवो और वनप्लस के महंगे मॉडल शामिल थे। इस बीच, चोरों ने 5-6 लाख रुपए कीमत के कुछ मोबाइल कचरे में फेंक दिए और चले गए। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि,अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार तीन लोग इस चोरी में शामिल थे। इनमें से एक चोर दुकान के भीतर घुसते हुए दिख रहा है,जबकि दो अन्य चोर दुकान के पीछे से दीवार में सेंधमारी करके अंदर प्रवेश करने में मदद कर रहे थे। यह घटना 5 नवंबर की रात हुई,जब दुकान के मालिक विक्रांत जायसवाल और विवेक जायसवाल दोनों अलग-अलग जगहों पर थे। दुकान बंद करने के बाद विवेक अपने घर लौट गए थे, जबकि विक्रांत किसी काम से बाहर थे। अगले दिन,सुबह उन्हें जानकारी मिली कि उनकी दुकान में चोरी हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो पाया कि दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाई गई थी और अंदर से मोबाइल के 100 से अधिक सेट गायब थे।
विक्रांत और विवेक ने बताया कि चोरों ने लगभग 25 लाख रुपए के मोबाइल चोरी किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से आईफोन,एप्पल,वीवो और वनप्लस जैसे ब्रांड्स के महंगे मोबाइल फोन थे। हालांकि, कुछ सस्ते मोबाइल जो 6-7 लाख रुपए के थे, चोरों ने कचरे में फेंक दिए थे। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने केवल महंगे मोबाइल फोन को चुना और सस्ते मॉडल छोड़ दिए।
अलार्म बजने पर भी नहीं हुई सूचना : दुकान में सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम भी लगा हुआ था,जो विक्रांत,विवेक और उनके पिता के मोबाइल से कनेक्ट था। यदि दुकान के शटर को छुआ जाता,तो अलार्म बजने लगता। 5 नवंबर की रात 2 बजे विक्रांत के मोबाइल पर अलार्म बजा था,लेकिन वह बनारस में थे और उन्हें इस पर संदेह नहीं हुआ। अलार्म लगभग 3 बजे तक बजता रहा,जिसके बाद विक्रांत ने इसे बंद कर दिया। संभावना जताई जा रही है कि जब चोर दीवार को ड्रिल कर रहे थे,तब आवाज सुनकर अलार्म बजने लगा था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार,चोर 4.29 बजे दुकान के अंदर घुसे और 4.55 बजे तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने कई बार मोबाइल के सेट निकालकर सेंधमारी के रास्ते से बाहर फेंका। पुलिस को उम्मीद है कि चोरों ने महंगे मोबाइल फोन को छांट कर पीठू बैग में भरा होगा और फिर घटनास्थल से भाग गए।
पुलिस की टीमें कर रही हैं जांच : अंबिकापुर पुलिस अधीक्षक,राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास के लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। पुलिस को यह भी संदेह है कि चोर बिलासपुर रोड की ओर फरार हो सकते हैं। पुलिस की जांच और प्रयास जारी है, और उम्मीद की जा रही है कि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा। इस घटना ने अंबिकापुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर जब यह घटना पुलिस स्टेशन से इतनी नजदीक हुई है। नागरिकों का कहना है कि शहर में अधिक सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड की टीम ने दुकान से निकलकर परिडा गली तक का रास्ता तय किया, लेकिन फिर वह भटक गया। फॉरेंसिक टीम ने वहां से जरूरी सबूत जुटाए। इस बीच, स्थानीय लोग पुलिसिंग को लेकर सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि कोतवाली थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर यह चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोरों ने दीवार को ड्रिल मशीन से खोला और फिर मोबाइल के सेट बाहर निकालकर फेंके। दुकान के पीछे कचरे में सस्ते मोबाइल और खाली डिब्बे पड़े हुए मिले। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने काउंटर पर रखे कैश और सोने की अंगूठी को नहीं छुआ,जिससे साफ है कि उनका उद्देश्य केवल मोबाइल चोरी करना था।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply