
सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज हुए शामिल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को सरगुज़ा सांसद श्री चिंतामणी महाराज मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी को राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह के दूसरे दिन भी लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। शाम 5ः30 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान कलेक्टर श्री विलास भोसकर, जिला एवं सत्र न्यायाधीश के.एल. चरयाणी, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनिल नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो पार्षद श्री आलोक दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिधिगण, अधिकारी, आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय- महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। वहीं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले के कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान जिले के कवि श्री विनोद हर्ष, श्री देवेन्द्र नाथ दुबे, श्री संतोष दास सरल, श्री श्याम बिहारी पांडे, श्री रंजीत सारथी, श्री कृष्ण कांत पाठक, श्री राजेश पांडे अब्र द्वारा अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। स्थानीय कलाकारों में सुप्रसिद्ध लोकगायक लल्लू राज के गीतों से राज्योत्सव की शाम रंगीन रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur