Breaking News

लखनपुर@रजत जयंती महोत्सव पर जनपद सभागार में किसान संगोष्ठी का भव्य आयोजन

Share

लखनपुर,22 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर जनपद सभागार में किसान संगोष्ठी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशि कैलाश सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर राजवाड़े,मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, ओबीसी मोच के जिला अध्यक्ष राजेंद्र जयसवाल, विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, , एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुरेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशु चिकित्सा विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता कामेश्वर राजवाड़े ने किसानों को संबोधित करते हुए आधुनिक कृषि तकनीक, बीज चयन, सिंचाई प्रणाली और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी और पशु घन पर भी बल दिया। मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में जैविक खेती के महत्व एवं उसके लाभों के बारे में किसानों को विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरता को बनाए रखती है बल्कि यह किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। इसी क्रम में विक्रम सिंह ने राज्य शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक देते हुए किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। कृषि विभाग के अधिकारी सूर्यकांत गुप्ता एवं कृषि महाविद्यालय की प्रोफेसर अजीमा ने मृदा परीक्षण एवं मिट्टी की गुणवत्ता सुधार के विषय में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिला सहकारी समिति के प्रबंधक नीलकमल पांडे ने किसानों को सहकारी योजनाओं की जानकारी दी, वहीं उद्यान विभाग के अधिकारी उमेश पर ने उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में किसानों को कृषि क्रेडिट कार्ड,किसान स्वास्थ्य कार्ड, तथा मत्स्य विभाग की ओर से मछली पकड़ने के जाल एवं मत्स्य पालन किट का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही किसान मित्रों को विभिन्न फसलों की नई जातियों एवं उन्नत उत्पादन तकनीकों के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने कार्यक्रम की व्यवस्था में शिथिलता को लेकर कुछ कर्मचारियों को फटकार लगाई और अनुशासन एवं गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए। अंत में उपस्थित किसानों ने जैविक खेती को अपनाने और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर किसान बनने का संकल्प लिया।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply