अम्बिकापुर,22 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से मंगलवार सुबह दो विचाराधीन कैदी फरार हो गए। दोनों कैदी पास्को और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बंद थे। इस मामले में दो जवानों को निलंबित कर दिया गया है। इस तरह की घटना एक महीने के भीतर दूसरी बार हुई है, जिससे जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फरार होने वाले कैदियों की पहचान रितेश सारथी,निवासी आंधला, थाना लखनपुर और पवन पाटिल, निवासी ग्राम जमडी,थाना झिलमिली, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रितेश सारथी पास्को एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी था, जबकि पवन पाटिल एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी था। दोनों को स्वास्थ्य कारणों से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड में भर्ती कैदी दिवाली की रात 3 बजे सुरक्षाकर्मियो को चकमा देकर फरार हो गए थे। इस मामले में जिले के एसपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए बंदी की देखरेख में शामिल दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने यह निलंबन आदेश जारी किया है। इस वारदात से जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कैदी इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड में भर्ती थे। रात में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की निगरानी के बावजूद, फरार होने की योजना को अंजाम दिया गया। घटना के तुरंत बाद फरार कैदियों की तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
प्रताड़ना का लगाया था आरोप
गौरतलब है कि इससे पूर्व अंबिकापुर जेल से फरार एक कैदी जेल प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इस बयान के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई थी, मगर फिर भी कैदी भागने में सफल रहे। पुलिस अब कैदियों की तलाश में जुट गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur