Breaking News

अम्बिकापुर@पीटीएस मैनपाट में नवआरक्षकों की दीक्षांत परेड सम्पन्न,आईजी सरगुजा ने ली सलामी

Share

अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) मैनपाट, सरगुजा में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण ग्यारहवां सत्र 2025 का दीक्षांत परेड समारोह आज गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा रहे, जिन्होंने प्रातः 9.15 बजे दीक्षांत परेड की सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मैनपाट सचिन्द्र चौबे द्वारा नवआरक्षकों को विधिवत शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात पीटीएस मैनपाट के पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षण सत्र की विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत की गई, जिसमें नवआरक्षकों के शारीरिक, मानसिक व व्यवहारिक प्रशिक्षण की जानकारी साझा की गई। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में आईजी ने कहा कि आरक्षक पुलिस विभाग की रीढ़ होते हैं। वे आमजन से सीधे संपर्क में रहते हैं और उनके आचरण से ही विभाग की छवि बनती है। उन्होंने तीन नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप कार्य करने की सीख देते हुए नवआरक्षकों से उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी बनने का आह्वान किया। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षकों को मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई। दीक्षांत परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रमेश कुमार मज्जी एवं सहायक परेड कमांडर खेमन लाल भोयर द्वारा किया गया। इस बार के सत्र में कुल 181 नवआरक्षक शामिल हुए, जिनमें कांकेर से 49, नारायणपुर से 36, कोण्डागांव से 28, सुकमा से 31 एवं बीजापुर से 37 नवआरक्षक सम्मिलित रहे। समारोह में पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, अति. पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार सहित कई जनप्रतिनिधि, पत्रकार,आम नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समापन अवसर पर स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता सुनीता दास द्वारा किया गया। दीक्षांत समारोह प्रातः 10.20 बजे सम्पन्न हुआ।


Share

Check Also

सीतापुर@ जहरीली शराब ने छीनी बेटे की जान

Share ,सदमे में मां ने भी तोड़ा दमसीतापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के सीतापुर …

Leave a Reply