Breaking News

अम्बिकापुर@चौपाटी पुनर्निर्माण को लेकर नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज

Share

अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। नगर निगम अंबिकापुर द्वारा चौपाटी के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। गुरुवार और शुक्रवार को नगर निगम के अमले ने जेसीबी की मदद से चौपाटी क्षेत्र सहित गुदरी बाजार और गुरुद्वारा चौक के आसपास से अवैध ठेले और गुमटियों को हटाया। नगर निगम द्वारा पहले ही इन अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर कब्जा खाली करने की चेतावनी दी गई थी। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य चौपाटी के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना बताया गया है। चौपाटी क्षेत्र में लंबे समय से सडक किनारे अवैध ठेले और गुमटियों के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई स्वच्छता और सुगम यातायात के उद्देश्य से की जा रही है,जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके। हालांकि, अतिक्रमण हटाए जाने से प्रभावित छोटे व्यापारियों और ठेला संचालकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और ऐसे समय पर व्यवसाय बंद करवाना उनके लिए आर्थिक रूप से नुकसानदायक होगा। शुक्रवार की सुबह करीब 28 से अधिक प्रभावित व्यापारियों ने महापौर मंजूषा भगत से मुलाकात कर कार्रवाई रोकने की मांग की। महापौर मंजूषा भगत ने प्रभावितों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि चौपाटी का पुनर्निर्माण स्वच्छता मिशन के तहत हो रहा है और अंबिकापुर को देश में स्वच्छता रैंकिंग में पहले स्थान पर बनाए रखने के लिए यह आवश्यक कदम है। उन्होंने कहा कि यह कार्य शहर हित में है,और इसमें सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। महापौर ने यह भी सुझाव दिया कि जब तक चौपाटी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक सभी प्रभावित व्यापारी अस्थायी रूप से पुराने बस स्टैंड में अपना व्यवसाय संचालित कर सकते हैं। हालांकि,प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि पुराने बस स्टैंड में ग्राहक नहीं आते और वहां व्यवसाय चलाना मुश्किल है। व्यापारियों की चिंता है कि त्योहारी सीजन में उनकी कमाई पर असर पड़ेगा और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो जाएगा। नगर निगम की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में शहर के अन्य अतिक्रमण वाले क्षेत्रों में भी जारी रह सकती है।


Share

Check Also

सीतापुर@ जहरीली शराब ने छीनी बेटे की जान

Share ,सदमे में मां ने भी तोड़ा दमसीतापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के सीतापुर …

Leave a Reply