अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक एक बार फिर सिर उठाने लगा है। बीते एक सप्ताह से 25 हाथियों का बड़ा दल इलाके के विभिन्न गांवों में उत्पात मचा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं कई घर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 हाथियों का एक दल लखनपुर वन परिक्षेत्र के घटोन-पटकुरा मार्ग से होते हुए केदमा सर्किल पहुंचा। इस दल ने रास्ते में दर्जनों किसानों की करीब 20 एकड़ फसल रौंद डाली। धान, मक्का और सब्जी की फसल को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। वहीं,12 हाथियों का एक अन्य दल सूरजपुर की ओर से डांड गांव सर्किल में दाखिल हुआ। इस दल ने लगभग आधा दर्जन मकानों को नुकसान पहुंचाया और खेतों में खड़ी फसल को बर्बाद कर दिया। वन विभाग ने हाथियों की निगरानी और नियंत्रण के लिए विशेष टीम गठित की है। रेंजर कमलेश राय के नेतृत्व में विभागीय अमला लगातार इलाके में गश्त कर रहा है और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने,समूह में चलने और रात्रि समय खेतों की रखवाली न करने की सलाह दी गई है। विभाग द्वारा मुनादी, लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं। इन घटनाओं में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
हाल ही में खेत की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग दंपति पर हाथियों ने हमला कर दिया था, हालांकि वे किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। ग्रामीणों की मांग है कि हाथियों को जल्द से जल्द आबादी वाले क्षेत्रों से हटाया जाए और उन्हें जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि फसल और जनहानि से बचाव हो सके। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur