Breaking News

कोरिया@पर्यवेक्षक ने सभी कार्यकर्ताओं से वन टू वन की मुलाकात,सभी से लिया उनका अभियान,

Share


पर्यवेक्षक ने सभी कार्यकर्ताओं से वन टू वन की मुलाकात ,सभी से लिया उनका अभियान
स्थानीय नेताओं और पदाधिकारी रहे बाहर, कार्यकर्ताओ ने खुल कर दी अपनी राय

-राजन पाण्डेय-
कोरिया 10 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” के तहत कोरिया जिले में जिला कांग्रेस जनों की बैठक आहूत की गयी थी। जिसके तहत पर्यवेक्षक भी कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर पहुँचे, एआईसीसी पर्यवेक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय का नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा डॉ चरणदास महंत ने  स्वागत व  अभिनन्दन किया  तदोपरांत जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर उनके विचार आमंत्रित किये गये  और संगठन को मजबूत बनाने हेतु सभी को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पीसीसी ऑब्जर्वर राजयसभा सांसद श्रीमती फूलोदेवी नेताम पीसीसी ऑब्जर्वर विधायक संगीता सिन्हा, पीसीसी ऑब्जर्वर अशोकराज आहूजा सहित वरिष्ठ कॉंग्रेसजन, जिला अध्यक्ष ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे।
दावेदारों ने समर्थकों के साथ झोंकी ताकत
छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश के बाद अब सभी जिलों में संगठन को मजबूत करने के दृष्टिकोण से जिलाध्यक्षों को बदलने की कवायद की जा रही है। जिसके लिए कोरिया और एमसीबी जिले के नियुक्त प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी की उसके बाद राष्ट्रीय स्तर  में अपनी रिपोर्ट देंगे। 
क्या कहते है बूथ के कार्यकर्ता
बूथ के कार्यकर्ताओं से चर्चा करने पर उनका कहना है कि कोरिया व एमसीबी में संगठन को मजबूत करने के लिए नेतृत्व क्षमता, ओजस्वी वक्ता व दमदार नेता होने के साथ ही ठेकेदारी या सप्लायर नहीं होने वाले नेता को ही प्राथमिकता देना चाहिए अन्यथा सरकारी सप्लाई या ठेकेदारी वाला जिलाध्यक्ष सत्ता पक्ष से दबा रहेगा।
कांग्रेस के ये रहे दमदार दावेदार
योगेश शुक्ला का नाम-कोरिया कांग्रेस के सबसे दमदार दावेदारों में नाम आता है रनई जमीदार योगेश शुक्ला का…योगेश शुक्ला के पास जहां जोरदार नेतृत्व क्षमता है व ओजस्वी वक्ता होने के साथ-साथ उनके पास समर्थकों की फौज है पिछले दो पंचवर्षीय से विधायक की टिकट के दावेदार भी रहे हैं। यदि कांग्रेस इन्हें जिलाध्यक्ष बनाती है तो यकीनन कांग्रेस को कोरिया में एक नई गति मिलेगी हालाकि योगेश शुक्ला ने दावेदारी नही की है बावजूद इनकी छवि शुरुवात से दमदार रही है।  वही पिछले तीन पंचवर्षीय से कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष का पद संभाल रहे युवा नेता अजय सिंह, जिनके लिए कहा जाता है कि इनके खून में ही कांग्रेस है। तन समर्पित, मन समर्पित और कांग्रेस के लिए पूरा जीवन समर्पित.. युवा नेतृत्व, ओजस्वी वक्ता व व्यवहार से कमाए कार्यकर्तओं की लंबी फेहरिस्त…कांग्रेस का कोई भी कार्यक्रम हो एक-एक कार्यकर्ता को फोन लगा कर बुलाना…उनके दुःख में आधी रात को दौड़ना यही खूबी अजय सिंह को लोकप्रिय बनाती है। यदि कांग्रेस ऐसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाती है तो निःसन्देह कोरिया में कांग्रेस का डंका बज जाएगा। वही अनिल जायसवाल-पूर्व जनपद अध्यक्ष व पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी इस रेस में तगड़े दावेदार हैं। जनपद उपाध्यक्ष रहते हुए जिस प्रकार उन्होंने पार्टी व संगठन को मजबूती प्रदान की वह किसी से छिपा नही है। पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अविभाजित कोरिया का दौरा कर अपना जनाधार बढ़ाने के साथ पार्टी को बढ़ाने का भी काम किया। अनिल जायसवाल युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं व उनके पास शहर के साथ ग्रामीण अंचलों में भी समर्थकों की भरमार है। पार्टी यदि अनिल को मौका देती है तो वह पूरी ऊर्जा के साथ पार्टी को नई दिशा प्रदान करने में सहायक हो सकते हैं। मुख्तार अहमद भी रेश में शामिल हैं- वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व राजीव ग़ांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष रहे मुख्तार अहमद पिछले 45 वर्षों से कांग्रेस के सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी की सेवा कर रहे हैं जिस तरह से मुख्तार अहमद ने पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाई है अभी तक पार्टी ने उनके कद के अनुरूप उन्हें पद से नहीं नवाजा। है यदि पार्टी उन्हें जिला अध्यक्ष का पद देती है तो यह उनका सम्मान तो होगा ही साथ ही जातिगत समीकरण का भी लाभ कांग्रेस को मिल सकता है। जबकि क्षत्रिय योद्धा के रुप मे पहचाने जाने वाले शैलेंद्र सिंह कांग्रेस के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में शैलेंद्र सिंह की पहचान लंबे अरसे से बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेता विद्याचरण शुक्ल के करीबी रहे शैलेंद्र सिंह अपनी स्पष्टवादीता के लिए जाने जाते हैं। किसी भी गुटबाजी से अलग अपनी पहचान रखने वाले शैलेंद्र सिंह केवल और केवल कांग्रेस पार्टी के लिए ही काम करना पसंद करते हैं। जिला अध्यक्ष पद के लिए वह कांग्रेस के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। विकास श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष पद के लिए धूमकेतु की तरह उभरा यह नाम विकास श्रीवास्तव जो छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहा है। किसी जमाने में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेहद करीबी तथा पूर्व विधायक गुलाब सिंह व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से विकास की नजदीकियां जगजाहिर रही हैं। युवा हस्ताक्षर विकास श्रीवास्तव अभी वर्तमान में पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव के भी बेहद गरीबी माने जाते हैं। यदि कांग्रेस पार्टी भाजपा की तर्ज पर कम करें तो विकास श्रीवास्तव भी कांग्रेस जिला अध्यक्ष की बागडोर संभालने के काबिल हैं। युवा चेहरे पर दांव लगाना कांग्रेस के लिए फायदेमंद भी हो सकता है।
वर्तमान अध्यक्ष की हो सकती है पुनःवापसी
वर्तमान जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता का सरल सहज अंदाज सबसे अलग है, इन्हें जिलाध्यक्ष बने काफी कम समय हुआ है, प्रदीप गुप्ता डा चरणदास महंत के बेहद करीबी माने जाते हैं, गुटबाजी से दूर कार्यकर्ताओ को लेकर चलने वाले नेताओं में गिने जाते हैं। सूत्र बताते हैं कि प्रदीप गुप्ता पुनः जिला अध्यक्ष बन सकते हैं।  बहरहाल इन दावेदारों ने पूरा दम लगा दिया है बाकी जिसकी फील्डिंग टाइट होगी वरिष्ठ नेताओं का सपोर्ट मिलेगा उसका ही पलड़ा भारी रहेगा। सभी दावेदारों और उनके समर्थकों के ओपिनियन पर्यवेक्षक ने सुन लिए है अब किसकी किस्मत का ताला खुलता है यह आने वाले कुछ दिनों में तय होगा कोरिया कांग्रेस को जल्द नवीन अध्यक्ष मिलना तय है।


Share

Check Also

सीतापुर@ जहरीली शराब ने छीनी बेटे की जान

Share ,सदमे में मां ने भी तोड़ा दमसीतापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के सीतापुर …

Leave a Reply