अंबिकापुर,28 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। गांधी स्टेडियम में रविवार को संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और रेलवे करंजी के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर आक्रमण किए। मैच का पहला हाफ रेलवे करंजी के पक्ष में रहा,जिसमें उन्होंने एक गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में ट्राइबल टाइगर की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए अंतिम क्षणों में शानदार गोल कर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच को देखने स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे,जिससे माहौल जोशपूर्ण बना रहा। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के कारण निर्णय पेनल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर ने 4-2 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि के रूप में जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक रविंद्र तिवारी, जगजीत मिंज,छोटू थॉमस, जगदीश दुबे, उपेंद्र गुप्ता, जितेंद्र अग्रहरि,संदीप तिर्की और मयूर होटल के संचालक उपस्थित रहे। मैच के निर्णायक दिनेश तिर्की, आयुष अंकुश, अनुप्रास कमलेश, अखिलानंद और दीपक कुजूर थे। प्रतियोगिता का फाइनल 30 सितंबर को दोपहर 3 बजे खेला जाएगा। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल सोमवार को सरगुजा-11 और फाइटर क्लब मेंड्राखुर्द के बीच होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur