Breaking News

अंबिकापुर@अंबिकापुर में गुरुकृपा पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट विवाद…प्रिंसिपल पर छात्रों को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप,एफआईआर दर्ज

Share

अंबिकापुर,27 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गुरुकृपा पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट एक बड़े विवाद में आ गया है। संस्थान के प्रिंसिपल दीपांकर दत्ता पर छात्रों को बंधक बनाकर मारपीट करने और मोबाइल फोन छीनने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से छात्रों को मुक्त कराया और पीडि़तों की शिकायत पर दत्ता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला तब शुरू हुआ जब 2020 बैच के छात्रों ने डीएमएलटी कोर्स की परीक्षा दी थी। छात्रों को पहले मध्य प्रदेश के शहडोल ले जाने की बात कही गई थी,लेकिन बाद में उन्हें 200 किलोमीटर दूर नरसिंहपुर भेजा गया। परीक्षा दिए हुए तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक छात्रों को सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया। प्रमाणपत्र न मिलने से नाराज़ छात्र पिछले कई महीनों से संस्थान का चक्कर काट रहे थे।
पीडि़त छात्रों का कहना है कि बुधवार को तीन छात्र-छात्राएं प्रमाणपत्र की मांग लेकर इंस्टीट्यूट पहुंचे थे। इस दौरान छात्र मुकेश राजवाड़े ने प्रिंसिपल द्वारा दिए जा रहे आश्वासन का वीडियो बनाना शुरू किया। प्रिंसिपल को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने गुस्से में आकर छात्रों को बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। करीब डेढ़ घंटे तक छात्रों को बंधक बनाए रखा गया और जबरन उनके फोन से ऑडियो-वीडियो डिलीट कराया गया। इसके बाद छात्रों ने अपने परिचितों को सूचना दी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल को खबर दी और पुलिस मौके पर पहुंची। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद छात्रों को मुक्त कराया गया और थाने में उनका बयान दर्ज किया गया। छात्र मुकेश राजवाड़े निवासी तिलसिवा भटगांव जिला सूरजपुर की शिकायत पर गाँधीनगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 127 (2), 115 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।


Share

Check Also

बलरामपुर @ पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Share कलेक्टर और एसपी ने शहीद परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित,समस्याओं के निराकरण का …

Leave a Reply