Breaking News

एमसीबी@क्या मनेंद्रगढ़ वन मंडल के जंगलों में लकड़ी तस्करी का चल रहा खुला खेल?

Share

एमसीबी,21 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। वन मंडल मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में लगातार लकड़ी तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। बीते 2 दिनों के भीतर दो बड़ी कार्रवाई हुई है, जिसने विभागीय कामकाज और संरक्षण तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार चिरमिरी से अवैध रूप से इमारती लकड़ी का परिवहन कर रहे एक ट्रक को वन अमले ने पीछा कर घेरा। यह पीछा मनेंद्रगढ़ रेंज के ग्राम पंचायत घुटरा अंतर्गत फाटपानी तक चला। यहां ट्रक दलदल जैसी जगह में फंस गया। ट्रक को निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई, लेकिन वह भी फंस गई। बाद में दूसरा क्रेन बुलाया गया, तभी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और कार्यवाही शुरू की गई। ट्रक में भारी मात्रा में लकड़ी लदी हुई थी,जिसे जब्त कर लिया गया।
पूर्व विधायक ने विभाग पर उठाए सवाल
लगातार हो रही तस्करी पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा “जंगलों से लकड़ी आखिर कैसे काटी जा रही है, जबकि वन विभाग मौजूद है? क्या विभाग निष्कि्रय हो चुका है या फिर संरक्षण में यह अवैध कटाई हो रही है? लकड़ी तस्करी पर रोक क्यों नहीं लग रही? लगातार सामने आ रही घटनाओं से यह साफ है कि मनेंद्रगढ़ और आसपास के जंगलों में लकड़ी तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सब विभाग की आंखों के सामने हो रहा है या फिर अंदर खाने से कोई संरक्षण मिल रहा है? अब देखना यह होगा कि वन विभाग की जांच इन तस्करों तक पहुंच पाती है या मामले हमेशा की तरह फाइलों में ही दबकर रह जाएंगे।
जनकपुर क्षेत्र में भी पकड़ा गया लकड़ी से भरा ट्रक
इधर,जनकपुर क्षेत्र के चाटी गांव में भी दो दिन पूर्व एक और ट्रक पकड़ा गया। ट्रक में लकड़ी भरी थी और उसे पन्नी से ढक कर बाहर भेजने की कोशिश की जा रही थी। वन विभाग ने मौके पर ही ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लकडि़यों का अवैध परिवहन जंगलों की बेतहासा कटाई
भले ही वन विभाग लकडि़यों से लदी वाहनों को पकड़ कर कार्यवाही कर रहा है लेकिन इसका अर्थ यह भी है कि एमसीबी जिले के जंगलों की बेतहासा कटाई हो रही है और क्षेत्र में वन माफिया सक्रिय हो चुके हैं,इस तरह अवैध कटाई और परिवहन से वनों की सुरक्षा को लेकर की जाने वाली चाक चौबंद पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं। कुछ दिवस पूर्व खड़गवां ब्लॉक में भी इसी तरह की अवैध कटाई का मामला आया था जिस पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल उठाए थे।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply