Breaking News

अंबिकापुर@एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल बनी सरकार के लिए चुनौती,बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू,उग्र आंदोलन की चेतावनी

Share

अंबिकापुर,18 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब संकट का रूप ले चुकी है। 18 अगस्त से संविलियन और नियमितिकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही इस हड़ताल को 32 दिन बीत चुके हैं,लेकिन कर्मचारियों के न मानने और शासन की सख्त रवैये ने अब हालात को टकराव की ओर मोड़ दिया है।
सरकार ने अंतिम चेतावनी के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है और 550 कर्मचारियों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया द्वारा 16 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन कर्मचारियों के नहीं लौटने पर 17 सितंबर को जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देशित किया गया कि नई भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। सीएमएचओ प्रेम सिंह मरकाम ने बताया कि बर्खास्त किए जाने वाले कर्मचारियों को एक माह का वेतन देकर सेवा से पृथक किया जाएगा, और नई संविदा भर्ती की जाएगी।
जेल भरो आंदोलन में उतरे कर्मचारी : सरकार की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को संभाग भर के एनएचएम कर्मचारी जेल भरो आंदोलन में शामिल हुए। कर्मचारियों ने प्रतिक्षा बस स्टैंड से रैली निकालकर कला केंद्र मैदान तक विरोध मार्च किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। जिला एनएचएम कर्मचारी संघ की अध्यक्ष शिल्पी राय ने कहा कि शासन-प्रशासन दमनकारी नीति अपना रहा है। एक कर्मचारी नहीं, उसका पूरा परिवार बर्खास्त हो रहा है,उन्होंने कहा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन होगा, और आत्मदाह जैसे कदम उठाने को भी कर्मचारी बाध्य होंगे।
सरकार ने पूरी कीं 5 मांगें
फिर भी जारी है हड़ताल

कर्मचारी 10 सूत्रीय मांगों के साथ हड़ताल पर हैं, जिनमें से 5 मांगें शासन द्वारा पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। इसके बावजूद भी हड़ताल खत्म नहीं हुई है। कर्मचारी नियमितिकरण, स्थायीत्व, और पुरानी सेवा शर्तों को लेकर अब भी अड़े हुए हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ा व्यापक असर
हड़ताल के कारण जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण,मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं ठप हैं। प्रशासन बार-बार कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील कर चुका है,लेकिन गतिरोध खत्म नहीं हो रहा।

नौकरी से हाथ धो बैठेंगे 550 कर्मचारी
अंबिकापुर जिले के लगभग 550 एनएचएम कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा रही हैं। इनकी जगह नई नियुक्तियां की जाएंगी। हालांकि,सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि पूर्व कर्मचारियों को भी पुनः भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मौका दिया जाएगा,लेकिन उनकी वरिष्ठता समाप्त मानी जाएगी। वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply