- सरगुजा संभाग में पांच मंत्री होने के बावजूद सड़को की स्थिति सबसे खराब
- अम्बिकापुर एम जी रोड की पर गड्ढों का जाल, गड्ढों में जलभराव से हो रही दुर्घटना
- अम्बिकापुर राजपुर मार्ग की हालत भी बद से बदतर आये दिन हो रही दुर्घटनाएं
- भाजपा कांग्रेस दोनों दलों के नेता कर चुके विरोध पर सड़क की हालत वही

-राजन पाण्डेय-
अम्बिकापुर/कोरिया 12 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा की सबसे व्यस्ततम मार्ग नेशनल हाईवे 43 की स्थिति पिछले कई सालों से जर्जर बनी हुई है. सरकारें आई और सरकारें गईं, इस रोड को लेकर खूब राजनीति भी हुई, लेकिन राहगीरों का की समस्या का समाधान किसी ने नही निकाला, वर्तमान सरकार में छत्तीसगढ़ राज्य को मुख्यमंत्री सहित चार मंत्री देने वाला सरगुजा सम्भाग सड़को पर बने बड़े बड़े गड्ढों के लिए खुद को कोस रहा है। पिछली सरकार में उपमुख्यमंत्री सहित तमाम विधायक सत्ता पक्ष के होने के बावजूद सड़क की स्थिति बहुत अच्छी नही थी , अम्बिकापुर एम जी रोड की हालत खराब थी, इसके बाद जनता ने नई उम्मीद के साथ सरकार बदल दी कि इस बार इन सभी समस्याओं से निजात मिल सकेगा नई सरकार में सरगुजा सम्भाग को पांच पांच मंत्री मिल गए और सभी विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायक सत्ता सीन हुए, जनता ने और प्यार बरसाया और सरगुजा की लोकसभा की सीट भी सत्ता पक्ष को सौंपी लेकिन शायद जनता के किस्मत में सड़कों को लेकर और परेशानी झेलना लिखा था नई सरकार में सड़कों की स्थिति और खराब हो गई पुराने गड्ढे बड़े बड़े गड्ढों में तब्दील हो गए, और नए गड्ढे भी बन गए जिससे बारिश के कारण सड़के गड्ढों के साथ तालाब में बदल गई जिससे लोग दुर्घटना का शिकार होने लगे, लेकिन सरकार है कि सुन नही रही, अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ नेशनल हाईवे-43 की दुर्दशा से स्थानीय लोग परेशान हैं। सडक पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। गर्मी में उड़ रही धूल से लोग परेशान थे। राहगीरों के राहत के उद्देश्य से सडक पर बने गड्ढों में स्टोन डस्ट डालकर भरा गया था। जिससे भारी वाहनों के गुजरने के बाद उड़ रही धूल के गुबार से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है। उड़ रही धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने शुरू हो गई थी वही बारिश के दिनों में कीचड़ व सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से चलना मुश्किल हो गया था।

बेहतर सरकार चुनने के बाद भी गड्ढों से पटे पड़े सड़क पर आवागमन करने की मजबूरी क्यों?
एनएच-43 अंबिकापुर शहर के बीचो बीच होते हुए निकली है। जो सूरजपुर जिले को जोड़ती है। सदर रोड, देवीगंज रोड से लेकर रेलवे स्टेशन तक की सड़क पिछले तीन से चार सालों से खराब है। अच्छी सड़क की उम्मीद को लेकर लोगों ने प्रदेश में सरकार भी बदल दी। इसके बावजूद भी स्थानीय लोगों को अच्छी सड़क नसीब नहीं हुई। वही गड्ढों से पटे पड़े सड़क पर आवागमन करने को लेकर मजबूर हैं। दिनों दिन सड़क पर गड्ढों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। गाड़ियां खराब हो रही है। लोगों की जाने जा रही है पर इसे जिम्मेदारों का लेना देना कुछ नहीं है। सड़क की दुर्दशा को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बारिश के कारण सड़कों की हालत और भी खराब हो गई है। इन रास्तों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनसे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इन सड़कों से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण उड़ने वाली धूल ने लोगों को सांस संबंधी गंभीर बीमारियों की चपेट में ला दिया है। शहर के व्यापारी और आमजन इस स्थिति से काफी नाराज हैं।
अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग अत्यंत जर्जर, फंस रहे वाहन और लग रहा जाम
अंबिकापुर से राजपुर और रामानुजगंज को जोड़ने वाला एनएच-343 अब सड़क कम, तालाब ज्यादा लग रहा है। इस पूरी सड़क पर हर कदम पर 10-10 फीट लंबे और 4 फीट गहरे गड्ढे ही नजर आते हैं। इन खतरनाक गड्ढों की वजह से पहले ही कई बसों का संचालन बंद हो चुका है। कुछ दिवस पूर्व इन्हीं गड्ढों ने मुसीबत खड़ी कर दी थी असोला गांव के पास एक बड़े गड्ढे में बस का पहिया फंस गया, जिससे वहां वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया था कुछ इसी तरह की स्थिति आये दिन निर्मित होती रहती है। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग में बलरामपुर एवं राजपुर के बीच ग्राम पस्ता के पास बड़े-बड़े गड्ढों में बोल्डर एवं मुरम डाला गया था। अगस्त के महीने में छह ट्रकों के टायर फट गए थे ट्रक फंसने से घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी, मिली जानकारी अनुसार रामानुजगंज से अंबिकापुर के बीच तीन खंडों में टू लेन सड़क का निर्माण किया जाना है। इसके पूर्व सड़क को आवागमन लायक बनाने के लिए 10 करोड रुपये स्वीकृत किए गए थे जिससे सड़क के मरम्मत का कार्य चल रहा है परंतु मरम्मत के कार्य में घोर लापरवाही ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है, जो परेशानी का सबब बन रहा है। बीते कई दिनों से बलरामपुर से राजपुर के बीच आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क की मरम्मत के नाम पर ठेकेदार के द्वारा लीपापोती करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
सड़क के गड्ढों पर बन रही रील
अम्बिकापुर एम जी रोड की हालत इतनी खराब हो गई है कि अब इसकी दुर्दशा पर रील बनने लगी है और यह रील लोकप्रिय भी हो रही है लेकिन शासन प्रशासन के कानों में जु तक नही रेंग रहा है।
जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जा रहा विरोध
सड़क की दुर्दशा पर विपक्ष के अलावा सत्ता पक्ष भी विरोध जता रहे है अलग अलग दलों के लोग अपने अपने तरीके से विरोध कर रहे हैं लेकिन इसका हल नही निकल रहा है। सूत्रों की माने तो इस सड़क का विधायक एवं सांसद ने निरक्षण कर सुधार के निर्देश भी दिए है बावजूद इसके स्थिति में सुधार न होने से लोगो मे नाराजगी है।
वाहन चालक परेशान सुधार की मांग
अम्बिकापुर मनेन्द्रगढ़ मार्ग एवं अंबिकापुर राजपुर बलरामपुर से रहवासियों सहित वाहन चालकों ने सड़क के मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत होनी चाहिए, गाड़ियों का दम निकल जाए रहा है आय दिन दुर्घटनाएं हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं सरकार को इस पर जल्द संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
क्या कहते हैं लोग:-
अम्बिकापुर बलरामपुर और अम्बिकापुर से सूरजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा अम्बिकापुर निगम की सड़कें काफी खस्ताहाल हो चुकी हैं। लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं सड़क का मरम्मत जल्द होना चाहिए, जनप्रतिनिधियों को इस ओर मिल कर ध्यान देना चाहिए, सड़क की स्थिति को लेकर मैं स्वयं लोक निर्माण विभाग के मंत्री जी से मुलाकात कर मांग करूँगा और वस्तुस्थिति से अवगत कराउंगा।
कृष्णा सिंह बाबा श्रम जीवी पत्रकार कल्याण संघ
अम्बिकापुर और राजपुर की सड़क की हालत से पता चलता है कि सरकार को जनता के प्रति कोई सरोकार नही रह गया है , जल्द ही खराब सड़क को लेकर गोंडवाना गड़तंत्र पार्टी आंदोलन करेगी
नीलेश पाण्डेय प्रदेश महामंत्री गोंगपा
भाजपा सरकार में सड़कों को ध्यान देने वाला कोई नही है यह साफ साफ दिखाई दे रहा है, जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है, जनता के समस्याओं को देखते हुए जल्द मरम्मत कार्य होना चाहिए
विमलेश तिवारी सूरजपुर प्रदेश उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस
सरकार को जनता के समस्याओं की तनिक भी चिंता नही, संभाग में पांच मंत्री है जिनमे सी एम साहब सरगुजा संभाग से है लेकिन फिर भी राजपुर बलरामपुर एम जी रोड की हालत खराब है, सरकार को जनता की समस्याओं को देखते हुए जल्द मरम्मत कराना चाहिए
गुलाब कमरो पूर्व विधायक
कल ही अम्बिकापुर से राजपुर काम से गया था सड़को की स्थिति देख कर वाहन चलाने में डर लगने लगा सरकार को संज्ञान लेकर जल्द मरम्मत कार्य करना चाहिए
पुष्पेंद्र राजवाड़े अध्यक्ष कोरिया जनसहयोग समिति
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur