अंबिकापुर,11 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। बुधवार देर रात प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम गौरा स्थित स्कूलपारा बस्ती में हाथियों के एक झुंड ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। जंगल से निकलकर आए करीब 25 से 30 हाथियों के दल ने एक घर पर हमला बोल दिया,जिससे घर में सो रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सुबासो टेकाम,पति बृजमोहन टेकाम,उम्र 53 वर्ष के रूप में हुई है। वह अपने बेटे के साथ घर में सो रही थी। देर रात लगभग 2 बजे हाथियों का झुंड गौरा चौक के पीछे स्थित स्कूलपारा बस्ती में घुस आया और सुबासो के घर को तोडऩे लगा। तेज आवाज से मां-बेटे की नींद खुली और वे जान बचाने के लिए भागे। बेटा किसी तरह पास ही स्थित सोलर पेयजल टंकी पर चढ़ गया और जान बचाने में सफल रहा,लेकिन सुबासो भाग नहीं सकी और हाथियों की चपेट में आ गई। एक हाथी ने उसे अपनी सूंड़ में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया,जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हमले में महिला का घर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर में रखी खाद्य सामग्री,कपड़े व अन्य घरेलू सामान भी हाथियों ने नष्ट कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तम मिश्रा वनकर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। महिला के शव को वन विभाग के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग द्वारा मृतका के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार नकद प्रदान किए गए हैं। आगे की क्षतिपूर्ति राशि नियमानुसार प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में एक माह के भीतर हाथियों के हमले से यह तीसरी मौत है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों को आबादी से दूर भगाने और स्थायी समाधान की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur