108 एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव,मां-बेटे दोनों स्वस्थ
अंबिकापुर,11 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। मनेन्द्रगढ़ ब्लॉक के ग्राम छिरछा, पंचायत बिहारपुर की रहने वाली 30 वर्षीय शांति बाई पर सोमवार सुबह करीब 6 बजे खेत जाते समय जंगली भालू ने हमला कर दिया। नौ माह की गर्भवती शांति बाई को चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। किसी तरह घायल अवस्था में वह घर पहुंचीं,जहां से परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से मनेन्द्रगढ़ अस्पताल पहुंचाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल रायपुर रेफर करने का निर्णय लिया। अम्बिकापुर से रायपुर तक की यात्रा के लिए 108 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। रास्ते में,ग्राम मड़ई के पास रात करीब 8ः45 बजे शांति बाई को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सत्येंद्र सिंह और पायलट खेल साय ने स्थिति को भांपते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। रात 9ः11 बजे शांति बाई ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह उनका आठवां बच्चा है। प्रसव के बाद मां और नवजात को सुरक्षित रूप से रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। शांति बाई को चेहरे की गंभीर चोटों के लिए डीकेएस अस्पताल में प्लास्टिक सर्जरी हेतु भेजा गया है। यह घटना एक ओर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को दर्शाती है,वहीं दूसरी ओर 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश करती है। ई एम टी और पायलट की सूझबूझ से मां और बच्चा दोनों की जान बच सकी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur