अंबिकापुर,10 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। साइबर सेल व थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में फरार चल रहे आरोपी सत्यम केशरी को झारखंड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर की गई। मामला 13 मई 2024 का है, जब कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सत्तीपारा क्षेत्र में आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा,अमित मिश्रा उर्फ पहलू और शुभम केशरी मिलकर आईपीएल मैच (गुजरात टाइटन्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स) में ऑनलाइन सट्टा खेलवा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड कार्यवाही की,जहां तीनों आरोपी मोबाइल से सट्टा ऑपरेट करते हुए पकड़े गए। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम बताया -आयुष सिन्हा, अमित मिश्रा और शुभम केशरी। आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल, 3 पासबुक, 2 चेकबुक, 21 एटीएम कार्ड और ?20,100 नगद सहित सट्टा से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। आरोपी अमित मिश्रा के आईफोन-15 में व्हाट्सएप चैट व फोन पे ऐप में सट्टा लेन-देन के प्रमाण मिले। शुभम से सट्टा खातों की पासबुक व चेकबुक और लेन-देन का रिकॉर्ड बरामद हुआ। मामले में पहले ही अपराध क्रमांक 325/24 धारा 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। बाद में विवेचना में यह सामने आया कि आरोपीगण फर्जी आधार कार्ड से बैंक खाते खुलवाकर उनका उपयोग सट्टा रकम के लेन-देन में कर रहे थे। इसके चलते मामले में आईपीसी की धारा 467, 468, 471, 120 (बी) व आईटी एक्ट की धारा 66 (सी),66 (डी) जोड़ी गई। पूर्व में इस मामले में ऋतिक मंदिलवार उर्फ बमफोड़, नितिन यादव,अमित मिश्रा उर्फ पहलू,ध्रुवील पटेल और मुकेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। साइबर सेल की टीम द्वारा लगातार प्रयास कर सत्यम केशरी को झारखंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सत्यम केशरी पिता उदय प्रसाद केशरी (उम्र 26 वर्ष),निवासी सत्तीपारा, वार्ड क्रमांक 26, अंबिकापुर बताया और अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मामले की आगे की विवेचना जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur