महावीरपुर में जनसहयोग से हुआ सडक मरम्मत कार्य, प्रशासन पर उठे सवाल
अंबिकापुर,07 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत महावीरपुर में ग्रामीणों ने खुद की मेहनत से खस्ताहाल सडकों की मरम्मत कर एक मिसाल पेश की है। वर्षों से बदहाल सडक से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को श्रमदान कर कीचड़ व गड्ढें से भरी सडक को दुरुस्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सडक पंचायत के मुख्य मार्गों में से एक है, जिससे रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन हर बारिश के बाद यह सडक दलदल में तब्दील हो जाती है। पक्की सडक की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार सरपंच, सचिव और जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर ग्रामीणों ने खुद फावड़ा-गैंती उठाकर सडक को समतल किया। इस दौरान भटगांव के पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान में शामिल हुए। उन्होंने सडक की दुर्दशा पर प्रदेश सरकार को घेरा और कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का है, बावजूद इसके यहां की स्थिति बेहद खराब है। पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि जब मंत्री हर सप्ताह इस मार्ग से गुजरती हैं, तो क्यों अब तक इस सडक की मरम्मत नहीं हो सकी? ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। यह पहल एक ओर जहां जनसहयोग की मिसाल है, वहीं प्रशासन की अनदेखी पर भी करारा तमाचा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur