अंबिकापुर,11 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में यह अभियान विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाया गया।
अभियान की शुरुआत रात 12 बजे से हुई, जो सुबह 5 बजे तक जारी रही। पुलिस टीमों ने कॉम्बिंग गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और जिला बदर अपराधियों की औचक जांच की। इस दौरान 66 गुंडा बदमाश, 37 निगरानी बदमाश, 4 संदेही, एवं 17 पूर्व संपत्ति अपराधी की चेकिंग की गई। सभी बदमाश अपने निवास पर पाए गए, जिन्हें सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने चेताया कि अपराध की पुनरावृत्ति करने वालों को गुंडा सूची में शामिल कर बॉन्ड ओवर की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बिना कारण रात में घूम रहे संदिग्धों और मुसाफिरों को रोककर पूछताछ की गई,फिर उन्हें छोड़ा गया। गश्त के दौरान बैंक,एटीएम,लॉज,ढाबों की भी जांच की गई। अभियान में बड़ी सफलता तब मिली जब पुलिस टीम ने छिपे हुए 1 स्थायी वारंटी और 7 गिरफ्तारी वारंटी,कुल 8 वारंटियों को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur