अंबिकापुर,26 अगस्त 2025(घटती-घटना)राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 40वां नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त को राजमाता देवेंद्रकुमारी सिंहदेव चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय परिसर से जनजागरूकता रैली के साथ प्रारंभ हुआ। रैली को डॉ. जेके रेलवानी, सिविल सर्जन सह अधीक्षक एवं डॉ. रजत टोप्पो, नेत्र रोग विशेषज्ञ व कार्यक्रम नोडल अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जनरल नर्सिंग की छात्राओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। रैली गांधी चौक, जय स्तंभ, महमाया चौक, संगम चौक होते हुए घड़ी चौक पहुंची। छात्राओं ने नेत्रदान जागरूकता से संबंधित तख्तियों और नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया। रैली के दौरान यातायात पुलिस का भी सहयोग सराहनीय रहा। समापन के पश्चात छात्राओं को स्वल्पाहार प्रदान किया गया। ेरैली के उपरांत मंथन कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को की अध्यक्षता में नेत्र सहायक अधिकारियों की संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता (नाक, कान, गला विशेषज्ञ) एवं डॉ. जेके रेलवानी ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मृत्यु उपरांत परिजनों से काउंसलिंग कर नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जा सकता है। डॉ. रजत टोप्पो ने नेत्रदान की प्रक्रिया, भ्रांतियों और युवा वर्ग को जागरूक करने की दिशा में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरगुजा वासियों से अपील की कि मृत्यु उपरांत नेत्रदान कर अंधत्व से पीडि़त लोगों को रोशनी प्रदान करें। पखवाड़े के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में रैली, भाषण, रंगोली और नेत्र परीक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur