Breaking News

अंबिकापुर@अवैध ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबे दो मासूम,गांव में पसरा मातम

Share


अंबिकापुर,26 अगस्त 2025(घटती-घटना)।ग्राम कोरजा में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरजा निवासी लोचन सिंह का पुत्र रवि शंकर और संतोष सिंह का पुत्र अनुराग सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ गांव में ही अवैध ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे के जमा पानी में नहाने गए थे। हादसा दोपहर लगभग 3 बजे के आसपास का है। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों बच्चे पानी में डूब गए। उनके साथ गया तीसरा बालक किसी तरह बाहर निकला और डर के मारे वहां से भाग गया। कुछ समय बाद जब रवि शंकर के दादा मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पानी के पास बच्चों के कपड़े देखकर अनहोनी की आशंका जताई और तुरंत इसकी सूचना ग्राम सरपंच को दी। सरपंच ने तत्काल लखनपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव को बाहर निकलवाया। शवों को लखनपुर अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। मृतक दोनों बच्चे जमगाला छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे और दो दिन की छुट्टी में अपने गांव कोरजा आए हुए थे। पूरे गांव में इस हादसे से शोक की लहर है। स्थानीय लोग प्रशासन से अवैध ईंट भट्ठों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं,ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply