
सूरजपुर,24 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। नगर पालिका की उदासीनता और लापरवाह रवैये के चलते वार्ड क्रमांक 09 के लोगों का जीवन किसी नर्क से कम नहीं रह गया है। नगर पालिका प्रशासन के लाख प्रयासों और शिकायतों के बाद भी यहां की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। वार्ड क्रमांक 09 में नाली निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। नालियां न बनने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही इसी गंदगी के ऊपर से करनी पड़ रही है। गली-मोहल्लों में फैली दुर्गंध और गटर का गंदा पानी वार्डवासियों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जहां गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। वार्डवासियों ने कई बार नगर पालिका को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया, परंतु अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। लोगों का कहना है कि सुरजपुर नगर पालिका कुम्भकरण की नींद में सोई हुई है और आमजन की समस्याओं से उसे कोई सरोकार नहीं है। स्थानीय निवासी प्रफुल्ल चौबे ने रोष प्रकट करते हुए कहा – नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी केवल कागजों में विकास दिखाते हैं। जमीनी स्तर पर काम बिल्कुल भी नजर नहीं आता। हम लोग मजबूरी में गंदगी और गटर के पानी के बीच जीवन जीने को विवश हैं। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
नगरवासियों का यह भी कहना है कि जिस तरह नगर पालिका लाखों-करोड़ों का बजट खर्च करने का दावा करती है, यदि उसका सही उपयोग होता तो आज वार्ड क्रमांक 09 की जनता को नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। स्पष्ट है कि नगर पालिका सुरजपुर की लापरवाही ने वार्डवासियों का जीना दूभर कर दिया है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur