Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अंबिकापुर@एनएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू,स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

Share


अंबिकापुर,18 जुलाई 2025 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के आह्वान पर सरगुजा जिले में सोमवार से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 630 से अधिक कर्मचारी संविलियन, स्थायीकरण और अन्य 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के पहले दिन ही जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती नजर आईं। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों को उचित इलाज न मिलने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जिससे मेडिकल कॉलेज पर दबाव बढ़ गया है। एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, आरएमए, एएनएम, लैब टेक्नीशियन सहित कई संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसके चलते सोमवार सुबह से ही सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्था का माहौल बन गया। मरीजों की लंबी कतारें, इलाज के लिए इंतजार और डॉक्टरों की कमी से लोगों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी मांगें काफी समय से लंबित हैं। इसके पूर्व उन्होंने चरणबद्ध तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए दो दिवसीय कार्य बहिष्कार और विधानसभा घेराव जैसे शांतिपूर्ण आंदोलन किए थे। बावजूद इसके, सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। संघ ने 15 अगस्त तक की समयसीमा देकर अंतिम चेतावनी दी थी। मांगें पूरी न होने पर अब वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संघ की प्रदेश अध्यक्ष शिल्फी राय ने सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रही हैं और इस स्थिति की जिम्मेदार केवल सरकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, हड़ताल जारी रहेगी। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रेम सिंह मार्को ने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नियमित कर्मचारियों और परिवीक्षा अवधि के कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के पहले दिन स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। हालांकि, अस्पतालों में बढ़ती भीड़ और इलाज की धीमी प्रक्रिया स्थिति की गंभीरता को उजागर कर रही है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply