अंबिकापुर,13 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। शहर के रिंगरोड में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया,जब चलती बाइक में युवक को अचानक हार्ट अटैक आ गया। बाइक चला रहे सिरिल तिर्की (35) ने बाइक की गति अचानक कम की और बाईं ओर मुड़ने का प्रयास करते हुए सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के नमनाकला रिंगरोड की है। सिरिल अंबिकापुर के बिशप हाउस में माली का काम करता था और मूल रूप से बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर का निवासी था। वह अपनी हीरो होंडा सीडी 100 बाइक से बस स्टैंड की ओर जा रहा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सिरिल की बाइक की रफ्तार अचानक कम होते और कार से टकराते हुए देखा गया। घटना के बाद लोगों ने तत्काल गांधीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, वाहन नंबर दर्ज किया और थोड़ी देर बाद वापस लौट गए। एम्बुलेंस और शव वाहन के लिए कई बार कॉल किया गया, लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची। करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। बाद में बिशप हाउस के कर्मचारी और स्थानीय नागरिक पहुंचे और सिरिल के शव को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur