अंबिकापुर,05 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। गड्ढे में गाड़ी चलाने का प्रशिक्षण के स्लोगन के साथ आज यूथ इंटक ने शहर की जर्जर सड़कों और ट्रिपल इंजन सरकार की निष्कि्रयता के विरोध में चक्काजाम किया। उल्लेखनीय है कि अम्बिकापुर शहर में मौजूद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, पी डल्यू डी और निगम तीनो के द्वारा संचालित सड़कों की स्थिति जर्जर है। मुख्यमंत्री के द्वारा घोषणा के बावजूद शहर की सड़कों के लिए 20 करोड़ की राशि अबतक उपलध नहीं कराई जा सकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग जो मोदी सरकार के अधीन है विगत 3 वर्ष से फंड की कमी के कारण सड़को का रखरखाव नहीं कर पा रहा है। निगम की स्थिति ऐसी है कि बरसात में शहर की सड़कों पर बने गड्ढो में मालवा तक नहीं भरवा पा रही है। जबकि इनमें काबिज भाजपा की सरकार और उनके निर्वाचित सांसद,विधायक,महापौर और दूसरे जनप्रतिनिधियों ने ट्रिपल इंजन सरकार में ट्रिपल विकास के नाम पर वोट मांगा था। यूथ इंटक ने करीब सप्ताह भर पहले प्रशासन को ज्ञापन सौंप जर्जर मार्गो को सुधारने की मांग की थी। ऐसा नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी गई थी। प्रशासन की उदासीनता को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी और यूथ इंटक ने आज भारत माता चौक के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर दोपहर 12 बजे से 1 घंटे का चक्काजाम किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में ट्रिपल विकास का दावा कर भाजपा बिजली बिल बढ़ा रही है, बिजली बिल में छूट को खत्म कर रही है, लोगों से भारीभरकम टोल टैक्स लेकर उन को खराब सड़कों पर चलने के लिये विवश कर रही है, लेकिन आम लोगों को सुविधाएं देने से पीछे हट रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार आम लोगों से वोट लेकर, अपनी सरकार बनाकर एक विशेष पूंजीपति के लिये काम कर रही है। इस पूंजीपति को भाजपा सरकार ने सरगुजा की छाती को छीलकर खनिजों के दोहन का अधिकार दे दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के निकम्मेपन को लेकर 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल काफी आक्रोशित थे। उन्होंने कहा कि अम्बिकापुर शहर से गुजरने वाली अधिकांश सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की हैं। शहर से 10-10 किलोमीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग नई सड़कों को बनवा रहा है लेकिन विगत 3 वर्षों से उसके पास शहर से गुजरने वाले एन एच की सड़कों के रखरखाव के लिए बजट नहीं होने का बहाना कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के माध्यम से अम्बिकापुर की जनता को प्रताडि़त कर रही है। आज के इस चक्काजाम और प्रदर्शन में हेमंत सिन्हा,मो इस्लाम,दुर्गेश गुप्ता, लोकेश कुमार,कलीम अंसारी, अनिल सिंह कर्नल, जीवन यादव, अमित तिवारी राजा,आशीष जायसवाल,हिमांशु जायसवाल, वेद प्रकाश शर्मा,चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह,सोहन जायसवाल, निकी खान, नीतीश चौरसिया, आलोक सिंह, सतीश बारी, आतिश शुक्ला, निखिल विश्वकर्मा, शुभम जायसवाल, काजू खान, मो अख्तर चम्मा, संजय सिंह, अमित सिंह, तरणराज बाबरा, अंशु गुप्ता, स्वर्णिम शुक्ला, रोशन कन्नौजिया, आर्यन चौबे , सौरभ विश्वकर्मा, राहुल पटेल, नीतीश कुशवाहा, इंद्रजीत राजवाड़े, भानु प्रताप सिंह, रोहन वर्मा, सरफराज अंसारी, इरफान खान, प्रिंस राजवाड़े, समर्पण एक्का, गौतम गुप्ता, परमेश्वर भगत, बीरन गुप्ता, परत पांडे आदि मौजूद थे।
मुखौटों का उपयोग कर अनोखा प्रदर्शन : गड्ढे में गाड़ी चलाने के स्लोगन के साथ हुए इस प्रदर्शन का दायित्व प्रदेश कांग्रेस के सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष आशीष शील को दिया गया था। चक्काजाम के सांकेतिक संदेश को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री,सांसद, विधायक, महापौर के मुखौटे लगा जर्जर सड़क पर मोटरसाइकिल को हाथ से धकेल यह संदेश देने का प्रयास किया कि ट्रिपल इंजन की सरकार में भाजपा के ट्रिपल इंजन नेतृत्व से अपेक्षा न करें और जर्जर सड़क पर ऐसे ही गाड़ी चलाने का अभ्यास कर लें। शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ रोड सरगुजा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ता है।
इन तीनो विधानसभा के निर्वाचित भाजपा विधायकों ने इस जर्जर मार्ग में आम आदमी को अधर में छोड़ अपने रास्ते बदल लिए हैं। अम्बिकापुर विधायक पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों की दुर्दशा पर अपनी जवाब देहि से बचने के लिए उन्होंने अम्बिकापुर का रुख करना ही छोड़ दिया है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि 1 सप्ताह में सड़कों को नहीं सुधारा गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur