11 जुलाई से अनवरत जारी है अखण्ड रामायण पाठ
सूरजपुर,04 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। जिला मुख्यालय के मानस भवन में प्रतिदिन मास परायण मानस यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है भगवान श्री रामजी की असीम अनुकम्पा से विगत 53 वर्षों से सूरजपुर में श्री राम चरित मानस अखण्ड पाठ समिति के द्वारा निशुल्क अखण्ड मानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है। जिनके घर आयोजन करवाया जाता है उनसे केवल एक नारियल एवं एक रुपया ही दक्षिणा स्वरुप लिया जाता है। समिति के सदस्य आपने निर्धारित समय पर स्वमेव उपस्थित होकर पाठ पूर्ण कराते हैं। 108 अखण्ड पाठ पूर्ण होने पर मानस यज्ञ एवं श्री राम कथा का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष समिति द्वारा सम्पूर्ण श्रावण मास पर्यंत अखण्ड पाठ एवं मानस यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 11 जुलाई श्रावण मास के प्रथम दिवस से प्रारम्भ श्रावण मानस महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः अखण्ड पाठ प्रारम्भ होकर अगले दिन हवन आरती के बाद पुनः अखण्ड पाठ प्रारम्भ कर अनवरत 24 घंटे आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सूरजपुर नगर में पहली बार इतनी लम्बी अवधि तक चलने वाले आयोजन को लेकर लोगों में काफ़ी कौतुहल एवं जन चर्चा है। दिनांक 10 अगस्त को पाठ समापन, हवन पूर्णाहुति एवं दोपहर 12ः00 बजे से महाप्रसाद भंडारा आयोजित किया गया है। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पधार कर पुण्यार्जन हेतु अपील की गई है।
बारिश में निखरी छटा : झमाझम बारिश से भरे तालाब किनारे नवनिर्मित मानस भवन, यज्ञशाला की सुंदरता,यज्ञ की दिव्य सुगंध एवं मानस चौपाइयों तथा मंत्रो की गूंज से अद्भुत भक्तिमय वातावरण लोगों को आनंद विभोर कर बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur