अंबिकापुर,30 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। गांधीनगर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई। थाना गांधीनगर में 29 जुलाई को प्रार्थिया मोनिका साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका घरेलू सामान 25 जुलाई को चोरी हो गया था। वे जिला अस्पताल में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट का काम करती हैं और अपना सामान जायका रेस्टोरेंट के सामने किराए के रूम में रखती थीं। प्रार्थिया ने बताया कि 25 जुलाई को उनके मकान मालिक ने उन्हें फोन कर बताया कि रूम का दरवाजा खुला है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। जब प्रार्थिया ने आकर देखा,तो रूम में रखा डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, पंखा, पायल, सोने के लाकेट, बैंक पासबुक,एटीएम,चेकबुक और अन्य सामान गायब थे। इस पर थाना गांधीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान करते हुए राहुल उर्फ सुमित लकड़ा 24 वर्ष और अमृत नागवंशी 27 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे की लत के कारण चोरी करते थे। 24 जुलाई को दोनों आरोपियों ने जायका रेस्टोरेंट के पास स्थित रूम का ताला तोडकर लैपटॉप,पंखा,चांदी का पायल और अन्य सामान चुराया था। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी किए गए सामान को राहुल के घर में छिपा कर रखा था। कुछ सामान बेचने के प्रयास में थे,लेकिन बेच नहीं पाए। पुलिस ने आरोपियों से जुड़ी अन्य चोरियों का भी खुलासा किया। राहुल और अमृत ने 26 जुलाई को तुर्रापानी सिंह कालानी में चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें टीवी, होम थियेटर, गैस सिलेण्डर, स्मार्ट वाच,लैपटॉप और सोने के लाकेट चुराए गए थे। इसके अलावा,उन्होंने 19 जुलाई से लेकर 25 जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर बाइक और स्कूटी भी चोरी की। 11 जुलाई को दोनों ने संजय कालोनी से स्कूटी चुराई और 22 जुलाई को दिशा कालोनी से बाइक चुराई की थी। पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ सुमित के घर से चोरी का लैपटॉप,बाइक,स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया। इसके साथ ही,आरोपी यशवंत दोहरे को भी गिरफ्तार किया गया,जिसने राहुल से चोरी का लैपटॉप खरीदा था। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur