अम्बिकापुर,15 जुलाई 2025 (घटती-घटना)।अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ नेशनल हाईवे-43 की दुर्दशा से स्थानीय लोग परेशान हैं। सडक पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। जबकि सूखे मौसम में धूल से परेशानी हो रही है। इस मार्ग से छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं, जिनकी जान जोखिम में रहती है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग लंबे समय से सडक सुधार की मांग कर रहे हैं,लेकिन विभाग केवल खानापूर्ति कर रहा है। सडक पर रेत व गिट्टी बिछाकर खानापूर्ति कर रही है। जबकि इससे स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है। एनएच-43 अंबिकापुर शहर के बीचो बीच होते हुए निकली है। जो सूरजपुर जिले को जोड़ती है। सदर रोड,देवीगंज रोड से लेकर रेलवे स्टेशन तक की सडक पिछले तीन से चार सालों से खराब है। अच्छी सडक की उम्मीद को लेकर लोगों ने प्रदेश में सरकार भी बदल दी। इसके बावजूद भी स्थानीय लोगों को अच्छी सडक नसिब नहीं हुई। वही गड्ढों से पटे पड़े सडक पर आवागमन करने को लेकर मजबूर हैं। दिनों दिन सडक पर गड्ढों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। गाडिय़ां खराब हो रही है। लोगों की जाने जा रही है पर इससे जिम्मेदारों का लेना देना कुछ नहीं है। सडक की दुर्दशा को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सडक की खराब स्थिति के कारण बाइक चलाना मुश्किल हो गया है। जो अपनी जान हथेली पर लेकर आवगमन कर रहे हैं। गड्ढों में हिचकोले खाने से बाइक सवार कमर दर्द के शिकार हो रहे हैं। बावजूद इसके विभाग ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। मनेन्द्रगढ़ रोड में कई स्कूलें संचालित है। छोटे बच्चों का स्कूल जाना उनके भविष्य के लिए बहुत जरूरी है, लेकिन जर्जर सडकें उनके लिए खतरा बन गई है। अभिभावकों को हमेशा बच्चों के प्रति चिंता बनी रहती है।
बारिश में कीचड़,सूखे में धूल
रेलवे स्टेशन से लेकर शहर के अंदर गुजरी एनएच की सडक जर्जर है। विभाग पैबंद लगाने के लिए रेती, मिट्टी व गिट्टी से पाट देती है। वहीं बारिश होने पर कीचड़ हो जाता है। इससे लोगों को चलना और भी मुश्किल हो जाता है। वहीं बारिश बंद होने पर सूखे में धूल के गुबार से लोग परेशान हैं। सडक नेताओं के लिए केवल राजनीतिक मुद्दा बनकर रह गया है। पहले भाजपा सडक की कमियां गिनाती थी अब कांग्रेस सडक को लेकर चिंता व्यक्त कर रही है। पर सुगम सडक मार्ग को लेकर पहल किसी ने अब तक नहीं की है। लोग आज भी जर्जर सडक पर आवागमन करने को मजबूर हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur