Breaking News

कोरिया@ सत्ता और संगठन की लड़ाई सोशल मीडिया से सड़क पर आई,मण्डल पदाधिकारियों ने विधायक पीए के खिलाफ दिया धरना,नारेबाजी भी की…

Share

  • मंदिर में मूर्ति स्थापना के दौरान विधायक के पीए पर मंडल पदाधिकारियों के खिलाफ जातिगत अपशब्द कहने का लगा आरोप
  • विधायक के पीए ने आरोपों का किया खंडन कहा मैंने किसी को कोई भी अपशब्द नहीं कहा
  • सोशल मीडिया पर भारी घमासान आरोपों के बीच धरना प्रदर्शन कल से लगातार जारी
  • जिला पंचायत सदस्य,जनपद अध्यक्ष सहित जनपद सदस्य भी हुए धरने में शामिल,धरने का किया समर्थन
  • मंडल पदाधिकारियो का आरोप मण्डल अध्यक्ष पर की गई टिप्पणी बर्दाश्त नहीं…
  • सोनहत में सत्ता संगठन के घमासान से चारो तरफ हो रही किरकिरी,सत्ता संगठन के घमासान के बीच साहू समाज के जिलाध्यक्ष ने भी जारी किया बयान

रवि सिंह-
कोरिया 15 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। भरतपुर सोनहत विधानसभा में मण्डल पदाधिकारीयो एवं सत्ता पक्ष के बीच घमासान थमने का नाम नही ले रहा है,पहले कार्यकर्ताओ की उपेक्षा से शुरू हुआ विवाद धीरे धीरे बाहरी ठेकेदारों तक पहुचा और काफी गर्म हो गया,इसके बाद सत्ता संगठन के बीच का विवाद अब सोशल मीडिया से सड़क पर पहुच गया है,जिसमे मण्डल के समस्त पदाधिकारी सहित स्थानीय भाजपा के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों ने विधायक के पीए मनोज शुक्ल के खिलाफ मण्डल महामंत्री पर जाती सूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए और विधायक के निज सहायक के खिलाफ जम कर नारे बाजी की यह धरना पूरे दिन के बाद रात भर चला मण्डल पदाधिकारी रात भर धरना स्थल पर ही रहे जिसके बाद दूसरे दिन भी धरना लगातार जारी है।
क्या था मामला
दरअसल सोनहत में मजार के बगल में भगवान शिव की स्थापना की जा रही थी जिसके लिए पहले से तनाव की स्थिति थी । देर रात भगवान शिव की स्थापना की गई। मनोज साहू का आरोप है कि महामंत्री जनपद सदस्य सहित सैकड़ों लोगों ने प्रशासन से सीधा संघर्ष कर कार्य को चालू रखा, रात्रि में निर्माण स्थल पर संगठन के पदाधिकारियों को निज सहायक द्वारा अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया और कहा गया कि शिवलिंग की स्थापना में उनकी टीम का रोल है। इसके बाद मंडल पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए धरना प्रदर्शन पर बैठ गए और नारेबाजी भी की मनोज साहू ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार अनदेखा कर योजनाओं में बाहरी लोगों को तरजीह दी जा रही है। साथ ही अब मण्डल के कार्यकर्ताओं को अपमानजनक शब्दों का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके खिलाफ नहीं बल्कि पूरे सोनहत क्षेत्र की उपेक्षा और अपमान है। इस घटनाक्रम के बाद सोनहत क्षेत्र में भारी नाराजगी फैल गई है। स्थानीय कार्यकर्ताओ के अलावा जिला पंचायत सदस्य जनपद अध्यक्ष जनपद सदस्य सहित भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने मनोज साहू के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचकर एकजुटता दिखाई। वही विधायक के निज सहायक मनोज शुक्ला ने भी लगाए गए आरोपो का भी सिरे से खण्डन करते हुए कहा है कि वहां पर किसी से कोई बात ही नही हुई तो आरोपो का सवाल ही नही है। उन्होंने किसी भी प्रकार के अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया है, सारे आरोप बेबुनियाद है एवं राजनीति प्रेरित है, आगे यह भी कहा कि मेरे ऊपर जो बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं उसका निपटारा मैं विधिक तरीके से करूँगा। वही विधायक के निज सहायक के बचाव में भी बहुत से समर्थकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर सभी आरोपों को खारिज किया है।
सोशल मीडिया पर छाया संग्राम आरोप प्रत्यारोपो की बौछार
सोशल मीडिया पर इस समय मण्डल के पदाधिकारियों और सत्ता पक्ष के समर्थकों सहित विधायक के निज सहायकों के बीच आरोपो की झड़ी लगी हुई है, सभी एक दूसरे के ऊपर भारी भरकम आरोप लगा रहे हैं। जिससे कही न कही भाजपा सरकार की भारी भरकम किरिकरी हो रही है। वही लोगो मे दो अलग अलग की चर्चाएं हैं कुछ लोगो का कहना है कि मण्डल पदाधिकारियों को निर्माण कार्य नही मिलने के कारण वो लोग परेशान है तो वही एक बड़े वर्ग का यह भी मानना है कि जो लोग चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दिए उन्हें सत्ता से किनारे करना सही नही है। वही बाहरी लोगों के हस्तक्षेप का मुद्दा अब सोनहत में गहराता जा रहा है और शायद यही सत्ता और संगठन के बीच मतभेदों का कारण बनता जा रहा है। वही इन आरोपों प्रत्यारोपों के बीच मण्डल के पदाधिकारियों ने कुछ लोगों के ऊपर मण्डल अध्यक्ष के ऊपर भी अपमान जनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है, मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि मण्डल अध्यक्ष आंशिक दिव्यांग है उनके दिव्यांगता पर टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है।
गोंडवाना के राष्ट्रीय महामंत्री ने ली चुटकी
सोनहत में सत्ता और संगठन के मतभेद उजागर होने एवं मंदिर निर्माण व स्थापना के दौरान सोशल मीडिया में भाजपा नेताओं के पोस्ट पर गोंडवाना के श्याम सिंह मरकाम ने चुटकी लेते हुए अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा की किसी व्यक्ति को भगवान महादेव की उपाधि न दी जाए सोनहत में बस विकास की जरूरत है उसे ध्यान दिया जाए, वही गोंडवाना के महामंत्री नीलेश पाण्डेय ने भी भाजपा नेताओं के पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए उसे गलत करार दिया है।
साहू समाज के जिलाध्यक्ष का बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल
वही इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर साहू समाज के अध्यक्ष जगदीश साहू का भी बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें लिखा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि मनोज साहू द्वारा कथित रूप से जातिगत गाली-गलौज से संबंधित कुछ पोस्ट की जा रही हैं। इस मामले में साहू समाज के किसी भी अधिकृत पदाधिकारी को पूर्व में कोई जानकारी नहीं दी गई, और न ही समाज की सहमति से कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। जब तक इस प्रकरण में कोई ठोस एवं सत्यापित प्रमाण प्राप्त नहीं होते, तब तक किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाना अनुचित है साहू समाज को इस विषय में मनोज साहू की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं प्राप्त हुई है। जब तक किसी भी प्रकार का ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जाता, तब तक साहू समाज इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया या सार्वजनिक पोस्ट नहीं करेगा। उक्ताशय का बयान सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल है घटती घटना उक्त बयान की पुष्टि नही करता है।
क्या मैनपाठ की सीख काम नही आएगी?
मैन पाठ के प्रशिक्षण शिविर में विधायक और सांसदों को सत्ता संगठन से ताल मेल बना कर कार्यकर्ताओ को लेकर चलने की सीख भाजपा के बड़े नेताओं ने दिया था क्या यह प्रशिक्षण सिर्फ नाम मात्र के लिए था? क्या वाकई अब सत्ता संगठन की दूरियां कम नहीं होंगी? क्या पुराने और मेहनती कार्यकर्ता अब हाशिये पर जाएंगे? क्या निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी अब हाशिये पर जाने की कगार पर हैं? सोनहत क्षेत्र में सत्ता और मण्डल के संग्राम में कई सवाल जन्म ले रहे हैं जिनका जवाब अभी भविष्य के गर्भ में है।
क्या मंडल पदाधिकारियों के धरने को मिल रहा समर्थन?
मंडल पदाधिकारियों के।धरना प्रदर्शन को समर्थन मिलना काफी कुछ इशारे कर रहा है जनपद अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य सहित कुछ जनपद सदस्यों का धरने में शामिल होना और समर्थन देना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply