मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी
अम्बिकापुर,14 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। राज्य में पीडल्यूडी के सब इंजीनियर के लिए आयोजित व्यापम परीक्षा में संगठित नकल के आरोप सामने आने के बाद सोमवार को एनएसयूआई (राष्ट्रीय छात्र संघ शद्घ इंडिया) ने घड़ी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रविवार को बिलासपुर के एक परीक्षा केंद्र पर दो युवतियों को हाईटेक उपकरणों का उपयोग करते हुए नकल करते और इसमें सहयोग करते पकड़ा गया। यह युवतियां मुख्यमंत्री के गृहजिले जशपुर से संबंधित हैं। एनएसयूआई ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के 17 परीक्षा केंद्रों में 40 लोगों ने मिलकर संगठित नकल की घटना को अंजाम दिया, और यह बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं हो सकता। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, यह नकल का मामला प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की विफलता को उजागर करता है। यह बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आशीष जायसवाल ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो एनएसयूआई चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
इस प्रदर्शन में एनएसआई के प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु जायसवाल, पूर्व पार्षद सतीश बारी,विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता,प्रिंस,गौतम गुप्ता,आकाश यादव, अंकित जायसवाल,अभिषेक सोनी, संजर नवाज़, ऋषि केश मिश्रा समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे। इस मामले को लेकर राजनीति में हलचल तेज हो गई है, और यह देखना होगा कि राज्य सरकार इस आरोप पर क्या कदम उठाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur