किसानों को खाद-बीज की समस्या को लेकर सीएम से ज्ञापन सौंपने जा रहे थे कांग्रेस नेता
अम्बिकापुर,09 जुलाई 2025(घटती-घटना)। मैनपाट में भाजपा के सांसद और विधायक प्रशिक्षण कार्यक्रम के आखिरी दिन एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत,कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपने के लिए प्रशिक्षण शिविर स्थल पर जा रहे थे,जब कमलेश्वरपुर पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लॉक कांग्रेस कमेटी ने पहले से ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का कार्यक्रम तय किया था। उन्होंने कहा कि मैनपाट क्षेत्र में किसानों को खाद-बीज की गंभीर समस्या हो रही है,जिससे वे अपनी खेती नहीं कर पा रहे हैं। खासकर आलू और टाऊ की खेती के लिए खाद की अत्यधिक आवश्यकता है। भगत ने कहा कि यदि समय पर खाद नहीं मिलेगा तो किसान अपनी खेती नहीं कर पाएंगे, और यह क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए गंभीर संकट उत्पन्न कर सकता है।
कांग्रेसियों ने थाना परिसर में किया विरोध प्रदर्शन…पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमलेश्वरपुर थाना ले जाने के बाद,कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थाना परिसर में हंगामा बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
वहीं,पुलिस ने मामले को शांत करने की कोशिश की और बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
हालांकि,कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि उनका एकमात्र उद्देश्य किसानों की समस्या को उचित मंच तक पहुंचाना था और पुलिस द्वारा उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और आगामी दिनों में इस मुद्दे को लेकर और अधिक विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई जा रही है।
प्रजातांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बयान
पूर्व मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्री जनप्रतिनिधि होते हैं,और यदि उनके सामने किसी समस्या को रखने के लिए जाने या मिलने से रोका जाता है, तो यह प्रजातांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उनका कहना था कि जब तक यह समस्या हल नहीं होती,तब तक कांग्रेस के कार्यकर्ता इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur