अंबिकापुर,27 जून 2025 (घटती-घटना)। साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त म्यूल एकाउंट खाता धारक को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। जानकारी के अनुसार भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार म्यूल अकाउंट खाता धारकों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के सम्बन्ध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में म्यूल एकाउंट खाता धारक सुधीर शर्मा का ईसाफ बैंक खाता ऑनलाईन फ्रॉड के शिकायत से संबंधित होने पर मामले कों संज्ञान में लेकर एसपी राजेश अग्रवाल ने गांधीनगर पुलिस को एफआई आर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। गांधीनगर पुलिस ने उक्त खाते का बैंक स्टेटमेण्ट प्राप्त किया गया। जिसमें पाया गया कि कुल 4 शिकायतों मे देश के अलग-अलग राज्य से संबंधित ऑनलाईन साइबर ठगी की राशि कुल 16.50 लाख रूपये सुधीर शर्मा के ईसाफ बैंक खाते पर प्राप्त हुआ है। सुनियोजित तरीके से अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से बैंक खाते का उपयोग ऑनलाईन साइबर ठगी के लिए किया गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 319(2), 317(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी सुधीर कुमार शर्मा पिता स्व. नरेशचंद शर्मा उम्र 42 वर्ष निवासी शारदा धाम के पीछे नमनाकला थाना गांधीनगर को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur