@ बाजार की जमीन कराई गई कब्ज़ा मुक्त
अंबिकापुर,26 जून 2025 (घटती-घटना)। वन विभाग अंबिकापुर ने गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम बकिरमा के बाजार डांड़ क्षेत्र में अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई की। वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए होटल व दुकानों पर बुलडोजर चलाकर जमीन को कब्ज़ा मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में विभागीय अमला मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार,ग्राम बकिरमा के बाजार क्षेत्र में पांच लोगों द्वारा लंबे समय से वन भूमि पर कब्ज़ा कर होटल और दुकानों का संचालन किया जा रहा था। इस अवैध कब्जे को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर वन विभाग ने अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। रेंजर निखिल पैकरा के अनुसार, निर्धारित समयसीमा में जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो फाइनल नोटिस जारी करते हुए 10 दिन का अतिरिक्त समय भी दिया गया। बावजूद इसके कब्ज़ा नहीं हटाने पर गुरुवार सुबह वन विभाग ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण ढहाते हुए जमीन को मुक्त कराया। रेंजर निखिल पैकरा ने बताया कि यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है। वन भूमि पर कब्ज़ा करना गैरकानूनी है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। कुछ लोगों ने वन विभाग के कदम की सराहना की, वहीं कुछ स्थानीय व्यापारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur