- रेणुका दीदी के फैंस क्लब ग्रुप में रहना होगा तो दीदी दीदी ही कहना होगा…
- एक भाजपा कार्यकर्ता के जन्मदिन पर रेणुका दीदी फैंस क्लब ग्रुप में किसी ने डाला बधाई संदेश तो विधायक समर्थित ने उस बधाई संदेश को किया डिलीट…तब शुरू हुआ जंग
-शमरोज खान-
सूरजपुर/कोरिया,24 जून 2025 (घटती-घटना)। राजनीति भी गजब की चीज है और सत्ता मिल जाए तो और भी गजब हो जाती है,जब मामला एक ही पार्टी के लोगों के बीच का हो तो फजीहत भी सत्तापक्ष की ही होती है कुछ ऐसा ही मामला भरतपुर सोनहत विधानसभा का सामने आया है जहां पर भाजपा दो गुटों में बट गई है,एक तरफ विधायक समर्थित लोग है तो दूसरी तरफ पार्टी समर्थित लोग, इन दोनों के बीच एक अनोखी जंग छिड़ी हुई है,अभी छिड़ी जंग की वजह क्या है यह बात भी किसी से छुपी नहीं है पर अभी ताजा मामले में बात किया जाए तो विधायक रेणुका दीदी के फैंस क्लब ग्रूप में एक जन्मदिन का पोस्ट करना ही बेवजह जंग की वजह बन गई है। इसके बाद यह सवाल उठता है कि क्या भरतपुर सोनहत विधानसभा में सत्ता और संगठन के बीच ताल मेल नही बैठ पा रहा है? क्या संगठन के लोग धीरे धीरे सत्ता से किनारे किये जा रहे हैं? क्या जिन कार्यकर्ताओ के कड़े परिश्रम से सरकार अस्तित्व में आई उन्हें अब दरकिनार कर दिया गया है? यह अहम सवाल बनता जा रहा है, ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सोशल मीडिया के वाट्सअप ग्रूप में अब संगठन के लोगो के जन्म दिन के बधाई संदेश भी अब मिटा दिए जा रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला देखने को मिला जिससे सोनहत मण्डल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
दरअसल रेणुका सिंह फैन्स क्लब सोनहत नाम के एक वाट्सअप ग्रूप में भाजपा के कद्दावर युवा नेता और मण्डल महामंत्री मनोज साहू के जन्म दिन का बधाई संदेश डाला गया था जिसे डिलीट करा दिया गया,बधाई संदेश पोस्ट करने वाले कार्यकर्ता ने जब वाट्सअप ग्रूप में सवाल किया कि आखिर मनोज साहू जी के जन्दिन का बधाई संदेश क्यों डिलीट किया गया है, तो डिलीट करने वाले सदस्य ने जवाब दिया कि ये ग्रूप रेणुका दीदी के फैंस का ग्रूप है जो रेणुका दीदी का विरोध करेगा उसके किसी भी पोस्ट को ग्रूप में जगह नहीं है, मनोज साहू ने विधायक प्रतिनिधि रहते हुए रेणका सिंह के कार्यक्रमों से दूरी बनाई और कई लोगों को भी रोका गया उनकी संलिप्तता विधायक विरोधी गतिविधियों में थी इसीलिए उनके जन्मदिन के पोस्ट को डिलीट किया गया है, उपर से निर्देश था, इसके अलावा यह भी लिखा गया कि जो रेणुका दीदी की बात करेगा वही इस ग्रुप में रहेगा कोई भी विरोधी या विरोधियों के समर्थक इस ग्रुप में नहीं रहेंगे।
क्या मण्डल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विधायक के विरोध में आ गए हैं?
वाट्सअप ग्रुप बधाई संदेश को डिलीट करना और मण्डल के मंडल महामंत्री को विरोधी अथवा विरोधी का समर्थक कहना किस ओर इशारा कर रहा यह विचारणीय सवाल है। मुख्य सवाल अभी भी यही है कि मण्डल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विधायक के विरोधी हो गए है? उससे भी बड़ा सवाल यह है कि यदि वास्तव में विरोधी हो गए हैं तो आखिर यह नौबत क्यों आई? क्या मण्डल के कार्यर्ताओं की जगह बाहरी लोगों को अहमियत दी जा रही है? या फिर सोनहत विकासखण्ड के अहम फैसले सूरजपुर के लोगो के द्वारा लिए जा रहे हैं, क्या सोनहत मण्डल और विकासखण्ड में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप ज्यादा बढ़ गया है? बहुत से सवाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं, बहरहाल जो भी हो पर अब सत्ता और संगठन के बीच मे जो परिस्थितियां हैं वह पूरी तरह साफ दिखाई देने लगी हैं।
क्या जन्मदिन का बधाई संदेश भी अब डिलीट करा दिया जाएगा…
क्या सत्ता और संगठन के बीच तालमेल इतना खराब हो चुका है कि अब विधायक समर्थको द्वारा मण्डल महामंत्री के जन्मदिन का बधाई संदेश तक डिलीट करा दिया जाएगा,इस खबर पर चर्चा काफी तेज है और भाजपा कार्यकर्ताओ सहित समर्थकों में इस मामले के बाद से काफी नाराजगी का आलम भी देखा जा रहा है,मण्डल महामंत्री मनोज साहू जनपद सोनहत के विधायक प्रतिनिधि भी हैं ऐसी स्थिति में बधाई संदेश डिलीट होने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी देखी जा रही है। भीतरी बाहरी का मुद्दा भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में काफी जोर पकड़ रहा है…भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में आजकल भीतरी बाहरी का मुद्दा काफी जोर पकड़ता नजर आ रहा है। भीतरी वह खुद को बता रहे हैं जो इस विधानसभा के मतदाता भी हैं और भाजपा के नेता कार्यकर्ता भी हैं वहीं भीतरी खुद को बता रहे लोग उन्हें बाहरी बताकर विरोध कर रहे हैं जो विधायक के समर्थक तो हैं भाजपा के भी वह कार्यकर्ता नेता हैं लेकिन वह विधानसभा के मतदाता नहीं हैं और वह विधायक की सहमति से क्षेत्र में ठेकेदारी कर रहे हैं। भीतरी बाहरी का मुद्दा आजकल भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में ऐसा छाया हुआ है कि विरोध के स्वर गूंज रहे हैं।
मामला ठेकेदारी से जुड़ा हुआ,विधायक समर्थक सुरजपुर जिले के लोगों के क्षेत्र में निर्माण कार्यों की स्वीकृति है विरोध की वजह
बताया जाता है कि विरोध का मामला ठेकेदारी से जुड़ा हुआ है,भरतपुर सोनहत विधानसभा की विधायक के सुरजपुर जिले के समर्थक विधानसभा चुनाव पश्चात से ही विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और वह काफी निर्माण कार्य कर रहे हैं जो उन्हें स्वीकृत हुआ है,अब क्षेत्रीय लोगों को खासकर भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं को निर्माण कार्य स्वीकृत नहीं हो रहे हैं और यही विरोध की वजह है। सभी निर्माण कार्य प्राप्त करने के लिए आपस में लड़ रहे हैं जबकि सभी भाजपाई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur