बलरामपुर,16 जून 2025 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रामानुजंगज वन परिक्षेत्र के ग्राम चाकी में रविवार को रात में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई। इस हमले में एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जहां उसके दोनों पैर टूट गए। घटना से प्रभावित क्षेत्र के लोग बुरी तरह डरे हुए हैं। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब दो बजे जंगल किनारे रहने वाले मुन्ना राम और उसकी पत्नी राधिका शौच के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान एक हाथी घर के नजदीक पहुंच गया। हाथी ने राधिका को सूंड में लपेटकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला के पति ने जैसे-तैसे बचाई जान
मुन्ना राम किसी तरह अपनी बेटी के साथ जान बचाकर भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद हाथी आगे बढ़ते हुए ग्रामीण टीभाली सिंह (52) के घर के पास पहुंचा। हाथी ने उसके कच्चे घर की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हाथी द्वारा तोड़फोड़ करने से टीभाली सिंह भयभीत हो उठा। वह भागने के प्रयास में हाथी के हमले से घायल हो गया। उसके दोनों पैर टूट गए। वन विभाग ने मृतका के शव को 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लाकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
घायल ग्रामीण का प्राथमिक इलाज कर बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत के सभापति बद्री यादव और संतोष यादव मौके पर पहुंचे। संतोष यादव ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में हाथियों के हमले लगातार हो रहे हैं, लेकिन वन विभाग मौत के इस सिलसिले को रोकने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बना रहा।
महिला के परिवार को 25000 की आर्थिक सहायता
उन्होंने बताया कि आठ अप्रैल को भी इसी प्रकार की घटना में एक ग्रामीण की जान चली गई थी। उन्होंने हाथियों से जानमाल के नुकसान को रोकने समुचित पहल करने आग्रह किया। वन विभाग ने मृतका के परिवार को तत्काल 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। रेंजर निखिल सक्सेना ने बताया कि यह नर हाथी वाड्रफनगर से गढ़गोरडी, फिर बगरा होते हुए चाकी पहुंचा था। घटना के बाद यह छतवा शिवपुर की ओर बढ़ गया है। विभाग लगातार मुनादी करवा रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur