थीम ‘एक पृथ्वी’ एक स्वास्थ्य के लिए योग,विधायक व कलेक्टर ने किया सामूहिक योग अभ्यास
सूरजपुर,15 जून 2025 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर जिले में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जा रहा है। आज सूरजपुर नगर पालिका रंगमंच प्रांगण में सुबह 7 बजे योग सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी एवं कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने योग गुरु के सान्निध्य में योगाभ्यास कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में श्री शशिकांत गर्ग,श्री अरविंद मिश्रा,श्री राजेन्द्र प्रसाद पाठक, श्रीमती बेनेदिक्ता तिर्की उपसंचालक समाज कल्याण व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे । सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोग जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है। यह न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को नियमित जीवनशैली में अपनाने का आह्वान किया। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने कहा कि योग न केवल रोगों से लड़ने की शक्ति देता है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन,संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा लाता है। उन्होंने योग सप्ताह कार्यक्रम के सम्बंध में प्रकाश डालते हुए बताया कि आज से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जा रहा है,जिसे सफल बनाने के लिए उन्होंने आमजन से कार्यक्रम मे उनकी सहभागिता प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने आम नागरिकों को भी अपने स्तर पर योग का कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है ताकि योग जन-जन तक पहुंच सके। योग सप्ताह के दौरान जिले के समस्त विकासखंडों, पंचायतों, स्कूलों,कॉलेजों और विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2015 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। तब से प्रतिवर्ष विश्वभर में यह दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष यह दिन एक दशक की उपलçध के रूप में विशेष महत्व रखता है।
भारत सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के लिए थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग निर्धारित की गई है। यह विषय वैश्विक स्वास्थ्य,पर्यावरण संतुलन और जीवनशैली सुधार की दिशा में योग की भूमिका को रेखांकित करता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur