अंबिकापुर,09 जून 2025 (घटती-घटना)। आज नगर पालिक निगम अंबिकापुर अंतर्गत आने वाले विभिन्न चौकों, सड़कों व भवनों के नामकरण को लेकर नामकरण सुझाव समिति ने महापौर श्रीमती मंजूषा भगत को औपचारिक रूप से एक ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की उपस्थिति में नगर निगम कार्यालय में संपन्न हुआ।
नामकरण सुझाव समिति के सदस्य निलेश सिंह, त्रिभुवन सिंह, विनय सिन्हा, अजय तिवारी, मनीष सिंह, मनोज गुप्ता, मधुसूदन शुक्ला, रविंद्र भारती, विकास वर्मा एवं इंदर भगत ने महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नगर के महत्वपूर्ण स्थलों का नामकरण महान स्वतंत्रता सेनानियों, समाजसेवियों व लोकनायकों के नाम पर किया जाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढि़यों को प्रेरणा मिले और उन विभूतियों को सम्मान प्रदान हो।
समिति सदस्य निलेश सिंह ने बताया कि अनेक वार्डों में स्थित चौक, मार्ग व भवन नामकरण के अभाव में स्थानीय पहचान नहीं बना पा रहे हैं। नामकरण से यह स्थान न केवल ऐतिहासिक व सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होंगे, बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी।
सुझाव समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में आकाशवाणी चौक को चंद्रशेखर आजाद चौक, भट्टी रोड चौक को गुरु तेग बहादुर, चांदनी चौक को अटल बिहारी वाजपेई, नवापारा कोइराचौक, अटल आवास गर्ल्स कॉलेज चौक को बिरसा मुंडा, नगर निगम चौक को कार्तिक उरांव, गणपति धाम बधियाचूऑ चौक को बाल गंगाधर तिलक, गोधनपुर चौक को रानी दुर्गावती, गंगापुर चौक को स्वामी तुलसीदास, पावर हाउस विशुनपुर चौक को सिंदूर चौक, वाटर पार्क उद्यान को देवी अहिल्याबाई,माखन बिहार चौक को नेताजी सुभाष चंद्र, तकिया खैरबार प्रवेश द्वारा को माता नथुनी देवी, कला केंद्र मैदान को भारत माता, नवापारा मैदान को बजरंग मैदान, सियान सदन को भामाशाह, जनपद ऑफिस चौक को भगत सिंह, मिशन चौक को रानी लक्ष्मीबाई, नाइट चौक को गुरु घासीदास, चौपाटी पार्क को वीर सावरकर, स्वर्गीय राम सहाय जी के घर के पास डॉक्टर अदुल कलाम आजाद चौक तथा गांधीनगर मेन रोड चौक को मारुति नंदन के नाम से नामकरण करने की मांग की गई है ।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति हरविंदर सिंह टिन्नी, जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, संवाद प्रमुख संतोष दास, गोल्डी बिहाड़े, रूपेश दुबे, पार्षद मनोज गुप्ता , जितेंद्र सोनी , अशोक तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur