नकली बीज की फैक्टरी में प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मारा छापा…
अंबिकापुर,05 जून 2025 (घटती-घटना)। शहर के गंगापुर इलाके में संचालित नकली बीज की फैक्टरी में प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार की दोपहर छापा मारा। इस दौरान यहां भारी मात्रा में धान व मक्के के नकली बीज मिले। प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर के गंगापुर तुलसी चौक के पास स्थित नकली बीज की फैक्टरी में छापामार कार्रवाई की। अंबिकापुर तहसीलदार उमेश बाज के नेतृत्व में कृषि विभाग व गांधीनगर पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि धान लोड ट्रक को अनलोड किया जा रहा था। टीम जब फैक्टरी के भीतर पहुंची तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। फैक्टरी में कई मशीनें लगी हुई थीं तथा भारी मात्रा में धान व मक्के के बीच रखे हुए थे। फैक्टरी में धान व मक्के के नकली बीज की पैकिंग की जा रही थी। इसके लिए बकायदा मशीनें लगी थीं। फैक्टरी संचालक का नाम इंद्रजीत बताया जा रहा है। उसके द्वारा अलग-अलग कंपनियों के नाम से धान व मक्के के बीज की पैकिंग कराई जा रही थी। वहीं धान व मक्के में मिलाने के लिए कलर भी रखे गए थे। फैक्टरी में मिले धान व मक्के के पैकेटों में मोर्विकोर्प साइंस प्राइवेट लिमिटेड लिखा हुआ है। वहीं धान व मक्के के बीच को ज्वाला गोल्ड, प्रिया गोल्ड, लीला गोल्ड,आर्या गोल्ड समेत अन्य नामों का लेबल लगा हुआ था। फैक्टरी संचालक द्वारा विभिन्न नामों से नकली बीज के पैकेट तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur