एक गोली हाथ में और एक गोली पेट मे लगी
गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर,किसान का नाम वासुदेव यादव
संवाददाता-

अम्बिकापुर,19 अक्टूबर 2024 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवसरा खुर्द के जंगल में शनिवार शाम बाइक सवार दो युवकों ने एक किसान को गोली मार दी। किसान को दो गोली मारी गई है। एक गोली हाथ और दूसरी पेट में लगी है। गंभीर अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार करने के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घायल किसान पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं जोगी कांग्रेस नेता सुखु यादव के भाई हैं।बताया गया कि किसान वासुदेव यादव की देवसरा खुर्द में टमाटर की खेती लगाई है। उनका घर परेवां में है। शनिवार शाम को टमाटर की खेती देखकर वे घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर बैठे हुए थे। किसान ने उनसे पूछा कि आप लोग यहां क्यों बैठे हैं तो वह लोग बोले कि हमारी गाड़ी खराब हो गई है। इसी दौरान युवकों ने पिस्तौल से किसान के ऊपर गोली चला दी। एक गोली किसान के हाथ में लगी है जबकि दूसरी गोली पेट में लगी है। किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ लेकर आए जहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया है। इधर पुलिस की टीम ने नाकेबंदी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल किसान का भतीजा जो यूथ कांग्रेस बलरामपुर का जिला अध्यक्ष है, उसने कहा कि उनके चाचा का किसी से विवाद नहीं था। आखिर गोली क्यों चलाई इसका उन्हें पता नहीं है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur