Breaking News

अम्बिकापुर@मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा अंबिकापुर में एलायंस एयर के 72 सीटर विमान की सफल ट्रायल लैंडिंग,जल्द उड़ान सेवा शुरू होने की संभावनाएं प्रबल

Share


रायपुर,दिल्ली और वाराणसी से रूट कनेक्टिविटी संभावित,रूट फाइनल होने बाद ही टिकट विंडो होगी शुरू

अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2024 (घटती-घटना)। मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा अंबिकापुर में मंगलवार को एलायंस एयर के 72 सीटर विमान की सफल ट्रायल लैंडिंग संपन्न हुई। ट्रायल की सफलता को देखते हुए जल्द ही उड़ान सेवा शुरू होने की संभावनाएं प्रबल हुई हैं। मंगलवार को दोपहर 2.50 बजे विमान की लैंडिंग हुई। कुछ देर रुकने के पश्चात दोपहर 3.10 बजे पुनः विमान का टेकऑफ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में उड़ान सेवा जल्द शुरू किए जाने के हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि एलायंस एयर विमान की सफल लैंडिंग हुई है, जो उड़ान सेवा शुरू किए जाने की दिशा में पॉजिटिव रिस्पॉन्स है। उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। लैंडिंग की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। फिलहाल विमान के रूट की पुष्टि नहीं हुई है। डीजीसीए की अनुमति के बाद रूट की पुष्टि होगी। संभावित तौर पर रायपुर, दिल्ली और वाराणसी से रूट कनेक्टिविटी निर्धारित हो सकती है। पहली उड़ान सेवा हेतु रूट फाइनल होने के बाद ही टिकट विंडो शुरू होगी और संचालन शुरू हो सकेगा। संभावना है कि आगामी 15 से 20 दिनों में सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण हो जायेगी, और विमान सेवा संचालन शुरू किया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि समस्त अधोसंरचनाओं को पूर्ण कराकर अप्रैल 2023 को लाइसेंस हेतु आवेदन किया गया जिसके तहत डीजीसीए के द्वारा मई 2023 को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरान्त जरूरी औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए डीजीसीए के द्वारा 15 मार्च 2024 को मां महामाया एयरपोर्ट को एरोड्रम लाइसेंस जारी किया गया है।


Share

Check Also

एमसीबी@ 4.21 हेक्टेयर शासकीय भूमि का मामला में दूसरी बार जनदर्शन में शिकायत,आखिर कब होगी कार्रवाई?

Share चनवारीडांड के चार खसरों के सीमांकन और कथित अतिक्रमण व खरीद-बिक्री की जांच की …

Leave a Reply