- संवाददाता –
अंबिकापुर, 20 अपै्रल 2024(घटती-घटना)।सरगुजा लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 1 अभ्यर्थी का नामांकन पत्र त्रुटी पाए जाने के कारण निरस्त कर दिया गया है। इस तरह अब चुनाव मैदान में 12 उम्मीदवार रह गए हैं। संसदीय क्षेत्र सरगुजा के लिए सामान्य प्रेक्षक आईएएस अमित कुमार की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर विलास भोस्कर द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधी भी उपस्थित थे।
नामांकन के अंतिम दिन तक कुल 13 अभ्यर्थियों द्वारा 23 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। शनिवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 12 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए हैं। जिसमें भारतीय जनता पार्टी से चिंतामणि महाराज, इंडियन नेशनल कांग्रेस से शशि सिंह कोराम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से लक्ष्मण सिंह उदय, बहुजन समाज पार्टी से संजय कुमार, हमर राज पार्टी से अनुक प्रताप सिंह, अखिल भारतीय परिवार पार्टी से कांता मिंज, भारत आदिवासी पार्टी से जेरोम मिंज और निर्दलीय प्रत्याशियों में बलासियुस तिग्गा, अरविंद कच्छप, उर्मिला सिंह, प्रिंस अभिषेक कुजूर और रामाधार सिंह के नामांकन सही पाए गए। वहीं बहुजन समाज पार्टी से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी प्रकाश किस्पोट्टा द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रारूप ए एवं बी प्रस्तुत नहीं किए जाने नामांकन पत्र विधिमान्य नहीं पाया गया और नामांकन पत्र अस्वीकृत किया गया। इस दौरान सहायक रिटर्निंग ऑफिसर लुण्ड्रा सुनील नायक, एआरओ सीतापुर रवि राही एवं एआरओ अंबिकापुर फागेश सिन्हा सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur